Mukhya Samachar: खबरों के लिहाज से बुधवार का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अक्टूबर को गोरेगांव के नेस्को ग्राउंड्स में चल रहे इंडिया मेरिटाइम वीक 2025 में भाग लेने के लिए मुंबई में होंगे। राष्ट्रपति और तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू बुधवार को हरियाणा के अंबाला वायुसेना स्टेशन से अत्याधुनिक राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरेंगी। इसके अलावा भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच बुधवार (29 अक्टूबर) को कैनबरा के मनुका ओवल में खेला जाएगा। आंध्र प्रदेश में तट से टकराने के बाद ओडिशा-बंगाल की ओर चक्रवात मोंथा बढ़ रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को बिहार में अपनी पहली चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
पीएम मोदी मुंबई दौरे पर रहेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को गोरेगांव के नेस्को ग्राउंड्स में चल रहे इंडिया मेरिटाइम वीक 2025 में भाग लेने के लिए मुंबई में होंगे। प्रधानमंत्री मैरीटाइम लीडर्स कॉन्क्लेव को संबोधित करेंगे और ग्लोबल मैरीटाइम सीईओ फोरम की अध्यक्षता भी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “29 अक्टूबर को मुंबई में चल रहे इंडिया मेरिटाइम वीक 2025 से संबंधित कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं। मैं मैरीटाइम लीडर्स कॉन्क्लेव में बोलूंगा और ग्लोबल मैरीटाइम सीईओ फोरम की अध्यक्षता भी करूंगा। यह समुद्री क्षेत्र में सहयोग बनाने और इसमें भारत के सुधारों को उजागर करने के लिए एक बेहतरीन मंच है।”
आज राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अंबाला के एयर फोर्स स्टेशन पर पहली बार पहुंचेंगी। इसको लेकर एयरफोर्स स्टेशन पर सभी तैयारियां हो चुकी हैं। राष्ट्रपति के आधिकारिक प्रवक्ता ने यह भी बताया है कि राष्ट्रपति मुर्मू अंबाला एयरबेस से ही लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरने वाली हैं। इससे पहले वह सुखोई फाइटर जेट में भी उड़ान भर चुकी हैं। राफेल लड़ाकू जेट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ऐतिहासिक उड़ान को भारतीय वायुसेना के लिए गर्व और देश की महिलाओं के लिए प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है। बता दें कि इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने 8 अप्रैल 2023 को असम के तेजपुर एयरबेस पर सुखोई-30 MKI में उड़ान भरी थी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
भारत-ऑस्ट्रेलिया पहला टी20
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच बुधवार (29 अक्टूबर) को कैनबरा के मनुका ओवल में खेला जाएगा। दोनों टीमें क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद पहली बार भिड़ेंगी। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था। इस सीरीज के साथ दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियां शुरू करेंगी। पढ़ें पूरी खबर…
दक्षिणी राज्यों में मोंथा का कहर
बंगाल की खाड़ी में उठा भीषण चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ आंध्र प्रदेश के काकीनाडा और मछलीपट्टनम के बीच तट से टकरा गया। इसकी वजह से तटीय क्षेत्रों में सैकड़ों घरों को काफी नुकसान पहुंचा है। दूसरी तरफ अब चक्रवाती तूफान लगातार उत्तर और उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। ऐसे में चक्रवात की वजह से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। पढ़ें पूरी खबर…
