पूर्व जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष और सीपीआई नेता कन्हैया कुमार के काफिले पर हमले के संबंध में शिवसेना के जिला प्रमुख समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को आरा में कन्हैया के काफिले पर हुए हमले के बाद पुलिस ने यह गिरफ्तारियां की है।
आरा में वह नागरिकता संशोधित कानून के खिलाफ एक रैली को संबोधित करने जा रहे थे इस दौरान उनपर पत्थर और ईंट फेंके गए थे। कन्हैया कुमार ने इस दौरान आरोप लगाया था कि रैली से पहले मंच को नुकसान पहुंचाया गया। आरा के एसपी सुशील कुमार ने बताया कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और मौके से दो मोटरसाइकिल भी सीज की गई है।
एसपी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कई जगहों पर छापेमारी की गई। हमले के दौरान कन्हैया कुमार हमले बच गए थे, लेकिन काफिले के एक वाहन की खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए थे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि बाइक सवार को काफिले से धक्का लगा था जिसके बाद यह बवाल हुआ।
बता दें कि कन्हैया कुमार के काफिले पर यह 8वां हमला था। बिहार में इन दिनों कन्हैया कुमार की जण गण मन यात्रा चल रही है। वह नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ लोगों के बीच प्रचार कर रहे हैं।