भारत सरकार का संस्कृति मंत्रालय शेफ को भी पद्म पुरस्कार देना चाहता है। इस मंत्रालय ने गृह मंत्रालय को इस बारे में सिफारिश भेजी है। पर्यटन व संस्कृति राज्य मंत्री महेश शर्मा ने बताया- हमारे मंत्रालय को हाल ही में एक प्रस्ताव मिला। इसमें कहा गया था की खाना बनाने की कला को भी पद्म पुरस्कारों की सूची में शामिल किया जाना चाहिए। खाना बनाना एक कला है। अगर संगीत, तबला जैसे कला के क्षेत्रों के लिए पद्म पुरस्कार हो सकते हैं तो पाक कला के लिए क्यों नहीं? हमने इस प्रस्ताव का अध्ययन किया और गृह मंत्रालय को भेज दिया। बता दें कि पद्म सम्मान गृह मंत्रालय द्वारा ही दिया जाता है।
मंत्रालय के सूत्र बताते हैं की शर्मा ने हाल ही में एक किताब लांच किये जाने के मौके पर यह विचार दिया था। कार्यक्रम में शामिल हुए कई नामी शेफ के साथ बातचीत में मंत्री ने कहा था कि भारतीय खाना और मसाले दुनिया भर में मशहूर हैं और पाक कला को पद्म पुरस्कारों की श्रेणी में रखा जाना चाहिए। इस कार्यक्रम में संजीव कपूर सहित कई नामचीन शेफ शामिल हुए थे। कुछ महीने पहले हुए इस कार्यक्रम में मंत्री की बात सुनने के बाद कई शेफ और होटल मालिकों ने इस सम्बन्ध में औपचारिक प्रस्ताव तैयार कर संस्कृति मंत्रालय को भेजा। प्रस्ताव भेजने वालों में संजीव कपूर और शेफ अवार्ड्स की ऑर्गनाइजिंग कमिटी के प्रमुख अनिल भंडारी भी शामिल हैं।
संजीव कपूर ने कहा कि खाना बनाना अब एक कला के रूप में स्थापित हो चुका है। यह इकलौती कला है जिसका रसास्वादन सभी इन्द्रियों से किया जाता है। इस क्षेत्र में अभी तक केवल तरला दलाल को ही पद्म सम्मान मिला है। वह भी उन्हें ‘अन्य’ केटेगरी में मिला था। पाक कला अन्य केटेगरी में कैसे हो सकता है, ये तो अपने आप में एक स्वतंत्र केटेगरी है।