खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की खबर मौत की खबर बुधवार को पूरे देश में फैल गई। सोशल मीडिया पर पन्नू की ही चर्चा हो रही थी। खबर यह थी कि पन्नू अमेरिका में एक सड़क हादसे में मारा गया लेकिन यह सच नहीं है। गुरपतवंत सिंह पन्नू अभी जिंदा है और उसने खुद इसकी पुष्टि की है। इसके अलावा उसने कहा है कि हम जल्द ही पंजाब से भारत का कब्जा छुड़वाएंगे।

पन्नू अभी जिंदा है

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने खालिस्तानी गुरपतवंत सिंह पन्नू से बात की। इस दौरान पन्नू ने कहा कि मैं जानता हूं कि भारत की सरकार मौजूदा हालात से कितनी निराश है। उसने कहा कि गुरु की कृपा से हम पंजाब को भारत के कब्जे से छुड़ा लेंगे। खालिस्तान रेफरेंडम का अपना शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रखेंगे।

बता दें कि पिछले कुछ महीनों में अलग-अलग देशों में 3 बड़े खालिस्तानी आतंकवादियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। उसके बाद से ही पन्नू काफी डरा हुआ है और उसने खुद को छुपा कर रखा हुआ है। बताया जाता है कि उसने अपना मोबाइल भी काफी दिनों से स्विच ऑफ कर रखा है, ताकि लोकेशन को ट्रैक न किया जा सके। इसके अलावा मीडिया या फिर किसी भी वीडियो में भी कम ही नजर आता है।

खालिस्तानी नेताओं की हत्या के पीछे भारतीय अधिकारियों का हाथ- पन्नू

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार पन्नू ने एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि कनाडा में मारे गए खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे भारतीय अधिकारियों का हाथ है। इसी वीडियो में उसने कहा कि खालिस्तानी रेफरेंडम’ का तीसरा फेज 16 जुलाई को टोरंटो और 10 सितंबर को वैंकूवर में होगा। पन्नू ने जो वीडियो शेयर किया, उसे 5 जुलाई को संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय के बाहर रिकॉर्ड किया था।

हालांकि पन्नू की सड़क हादसे में हुई मौत की खबर को लेकर भारत या अमेरिकी सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी। यहां तक कि खालिस्तानी नेताओं ने भी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। लेकिन अब एक बार फिर से पन्नू ने खुद ही सामने आकर स्पष्ट कर दिया है, कि वह अभी जिंदा है।