मालेगांव ब्लास्ट में क्लीन चिट मिलने पर साध्वी प्रज्ञा ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा है कि आतंकवाद का रंग हरा होता है, हिंदू कभी भी आतंकवादी नहीं हो सकता है। असल में मालेगांव केस में बरी होने के बाद साध्वी प्रज्ञा पहली बार भोपाल आई थीं, वहां पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने काफी तल्ख तेवर दिखाए, कई लोगों पर उन्होंने निशाना भी साधा।

साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि सत्य की जीत हुई है, जो सुनिश्चित थी क्योंकि धर्म और सत्य हमारे पक्ष में था। सत्यमेव जयते! मैंने यह पहले भी कहा था और अब यह सिद्ध हो गया है। विधर्मियों के, देशद्रोहियों के मुंह काले हुए हैं, उन्हें जवाब मिला है। देश हमेशा धर्म और सत्य के साथ है और हमेशा रहेगा।” NIA कोर्ट ने हाल ही में 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में साध्वी समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया।

पूर्व सांसद ने आगे बोला कि .भगवा आतंकवाद कहने वालों के मुंह काले हुए हैं। समाज और देश ने उन्हें ठोस जवाब दिया है। अदालत का फैसला बिल्कुल स्पष्ट है। यह उन लोगों के मुंह पर तमाचा है जिन्होंने इसे ‘भगवा आतंकवाद’ कहा… उन्होंने इसे पहले भी ‘भगवा आतंकवाद’ और ‘हिंदू आतंकवाद’ कहा है। महाराष्ट्र के चव्हाण (पृथ्वीराज चव्हाण) ने ‘सनातन आतंकवाद’, ‘हिंदुत्व आतंकवाद’ पर बात की है। वे एक ही श्रेणी के लोग हैं। वे सभी कांग्रेस के सदस्य हैं।