भारतीयों के लिए ये बात बेहद गौरव की है। दुनिया की सात दिग्गज कंपनियों की कमान भारतीय मूल के लोग संभाल रहे हैं। इनमें से चार ब्राह्मण हैं। खास बात है कि अमेरिका में भारतीय जिन कंपनियों को संभाल रहे हैं उनकी कुल मार्केट वैल्यू लगभग 5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। जबकि भारत की जीडीपी फिलहाल 2.7 ट्रिलियन डॉलर के इर्दगिर्द घूम रही है।
37 साल के पराग बने डोर्से के उत्तराधिकारी
दिग्गज कंपनियों पर भारतीयों की कमान में सबसे ताजा नाम ट्विटर के सीईओ पराग अग्रवाल का है। पराग को हाल ही में ट्विटर का नया सीईओ नियुक्त किया है। पराग ने कंपनी के सह संस्थापक और अभी तक सीईओ रहे जैक डॉर्सी की जगह ली है। 37 साल के पराग अब दुनिया की टॉप 500 कंपनियों के सबसे युवा सीईओ बन गए हैं। फिलहाल भारतीयों की शान में कसीदे पढ़े जा रहे हैं। पराग अग्रवाल को ट्विटर का सीईओ बनाए जाने के बाद टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ट्वीट कर कहते हैं कि भारतीय टैलेंट से अमेरिका को काफी फायदा हो रहा है।
गूगल की कमान सुंदर पिचाई के पास
विश्व के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई हैं। सुंदर पिचाई को साल 2015 में कंपनी का सीईओ नियुक्त किया गया था। आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग करने के बाद वे आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए थे। जिसके बाद, साल 2004 में उन्होंने गूगल जॉइन कर लिया था।
माइक्रोसॉफ्ट में सत्या नडेला का जलवा
विश्व के सबसे धनी व्यक्तियों में से एक बिल गेट्स की कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ भारतीय मूल के सत्या नडेला हैं। सत्या नडेला का जन्म हैदराबाद में हुआ था। वे साल 2014 में कंपनी के सीईओ नियुक्त किए गए थे और अभी तक इसी पद पर कार्यरत हैं। सत्या के नेतृत्व में माइक्रोसॉफ्ट ने जबरदस्त तरक्की की है। उनकी प्रतिभा का लोहा अमेरिकी दिग्गज भी मानते हैं।
IBM को नई राह दिखा रहे अरविंद कृष्णा
अरविंद कृष्णा दुनिया की जानी-मानी कंप्यूटर हार्डवेयर कंपनी IBM के मौजूदा चेयरमैन और सीईओ हैं। अरविंद का जन्म आंध्र प्रदेश में हुआ था। उन्होंने आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। अरविंद को अप्रैल 2020 में कंपनी का सीईओ नियुक्त किया गया था। अरविंद के पास भारत के साथ-साथ अमेरिका की भी नागरिकता है।
Adobe में शांतनु नारायण की धूम
भारतीय मूल के शांतनु नारायण दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनियों में से एक एडोब के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की है। शांतनु ने 1998 में कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट का पदभार संभाला था। इसके बाद साल 2005 में उन्हें कंपनी का सीओओ और फिर साल 2007 में सीईओ नियुक्त किया गया।
इन दिग्गजों के अलावा कुछ और भी हैं जो दुनिया की दिग्गज कंपनियों में अपने परचम लहरा रहे हैं। इनमें वीएम वेयर में रघु रघुराम की पैठ है। अजय पाल बंगा मास्टर कार्ड में बतौर सीईओ जलवा बिखेर रहे हैं तो जयश्री उलाल अरिस्टा नेटवर्क की कमान संभाल रही हैं। नोकिया के सीईओ राजीव सूरी भी दिग्गजों में शामिल हैं। उनके अलावा ग्लोबल फाउंडरीज के सीईओ संजय झा समेत थॉमस कुरियन व लक्ष्मण नरसिम्हन के नाम भी दिग्गजों की फेहरिस्त में शामिल हैं।