दिल दहलाने वाली एक घटना में 35 वर्षीय एक व्यक्ति ने संपत्ति विवाद के चलते अपने ही परिवार के 14 सदस्यों की कथित तौर पर निर्मम हत्या कर दी और बाद में खुदकुशी कर ली। यह घटना ठाणे शहर के कासरवादवली इलाके में हुई। ठाणे पुलिस के पीआरओ गजानन काबदुले ने आरोपी की पहचान हसनिल वारेकर के रूप में हुई है। उसने सात बच्चों एवं छह महिलाओं सहित अपने ही परिवार के 14 लोगों की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और बाद में फांसी पर लटक कर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर गई और शवों को आज तड़के बरामद किया। उन्होंने कहा कि समझा जाता है कि यह घटना संपत्ति विवाद के कारण हुई। काबदुले ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ठाणे सिविल अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच जारी है। ठाणे पुलिस के एक अफसर के मुताबिक, ‘आरोपी ने गोश्त काटने वाले धारदार हथियार से मर्डर किया। मारे गए लोगों के खाने में जहर मिलाए जाने का भी शक है।’

ठाणे में घोरबंदर रोड इलाके के इस घर में शनिवार को एक पार्टी रखी गई थी। रात 2 बजे के करीब आसपास के लोगों ने हंगामा और शोर सुना। इसके बाद लोगों ने खिड़की तोड़ी और एक युवती को जिंदा बचाया। वह आरोपी शख्स की बहन बताई जा रही है, जिसका नाम सुबिया भारमार (21) है। लड़की अभी तक शॉक में है। उसे प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसका स्टेटमेंट रिकॉर्ड नहीं कर सकी है।

पुलिस कमिश्नर ने भी मौका-ए-वारदात का जायजा लिया। अभी तक की जांच में पता चला है कि आरोपी ने सबसे पहले अपने मां-बाप और दो बहनों की हत्या की। इसके बाद एक-एक कर चार और महिलाओं को मार डाला। इस तरह पहले उसने कुल 6 महिलाओं की हत्या की। मरने वाले सात बच्चों में एक दो महीने की बच्ची भी शामिल है। अपनी पत्नी और दो बच्चों को भी हसन ने मार डाला।