नरेंद्र मोदी सरकार पर भारतीयों का भरोसा कायम ही नहीं है बल्कि और बढ़ा है। एक सर्वे के मुताबिक भारतीय जनता का देश की दिशा को लेकर संतोष का स्तर 2013 के मुकाबले 36 फीसद बढ़ गया है। 23 फीसद अंकों का सुधार अर्थव्यवस्था को लेकर हुआ है। यह विश्वास गहरा हुआ है कि आज के बच्चों का वित्तीय भविष्य अपने माता-पिता के मुकाबले बेहतर होगा। इस विश्वास में आठ अंकों की बढ़ोतरी हुई है। यह सर्वे एक वैश्विक संस्था पीयू रिसर्च सेंटर ने किया है। 2,464 लोगों ने नरेंद्र मोदी सरकार के दो साल पूरे होने पर हुए इस सर्वे में भारत से हिस्सेदारी की। 07 अप्रैल से 24 मई 2016 के बीच यह सर्वे हुआ। सर्वे में कई मुद्दों पर लोगों की राय पूछी गई थी। लोगों के मुताबिक कई मोर्चों पर सरकार ने अच्छा काम किया है लेकिन अपराध, बेरोजगारी, भ्रष्ट अधिकारी और आतंकवाद अभी भी सबसे बड़ी घरेलू चुनौतियां हैं। इसके अलावा वायु प्रदूषण भी भारतीयों के लिए एक बड़ी समस्या हैं। सर्वे के मुताबिक भारतीय अर्थव्यवस्था और देश की दिशा से संतुष्ट होने के बावजूद कुछ घरेलू और विदेशी समस्याओं को लेकर भारतीय चिंतित हैं।