भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी की कार पर शनिवार को कानपुर में कुछ लोगों ने अंडे और टमाटर फेंके। साथ ही कालिख भी पोती और काले झंडे दिखाए। पुलिस ने हल्का लाठी चार्ज कर प्रदर्शनकारियों को वहां से भगा दिया। पुलिस की कार्रवाई में कुछ प्रदर्शनकारियों को मामूली चोटें आईं। स्वामी वैश्विक आंतकवाद पर एक संगोष्ठी को संबोधित करने के लिए कानपुर आए थे।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे स्वामी का काफिला सर्किट हाउस से एसडी कॉलेज की ओर जा रहा था। काफिले के नरवना चौक पर पहुंचते ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उसपर कूड़ा, अंडे, टमाटर और कालिख फेंकनी शुरू कर दी। मैथानी ने आरोप लगाया कि स्वामी के कार्यक्रम के बारे में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को पहले से सूचना दे दी गयी थी, इसके बावजूद पुलिस ने उनकी सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किया।