Rahul Gandhi Bungalow: मोदी सरनेम मानहानि केस में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता सोमवार को फिर से बहाल कर दी गई। संसद सदस्यता बहाल होने के अगले दिन ही राहुल गांधी को उनका पुराना सरकारी आवास अलॉट कर दिया गया। बता दें कि राहुल गांधी का सरकारी आवास 2004 से दिल्ली में 12 तुगलक लेन रोड था। राहुल गांधी ने लोकसभा सदस्यता जाने के बाद अप्रैल महीने में इसे खाली कर दिया था।
तुगलक लेन रहा है बड़े नेताओं का ठिकाना
तुगलक लेन पर राहुल गांधी के अलावा चौधरी चरण सिंह, लालू यादव, शरद यादव जैसे कई वरिष्ठ नेता रह चुके हैं। कई सालों तक विदेश मंत्री एस. जयशंकर का सरकारी आवास 12 तुगलक रोड पर ही था। ऐसे में कई बार दोनों के पत्र एक दूसरे के पास पहुंच जाते थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल के तत्कालीन प्रमुख अजित सिंह भी 12 तुगलक रोड पर रह चुके हैं।
अजित सिंह ने की थी ये मांग
साल 2014 में अजित सिंह ने सरकार के सामने मांग रखी थी कि उनके पिता और पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह के सरकारी आवास को स्मारक बना दिया जाए। सरकार ने उनकी मांग को अनसुना कर दिया। इसके बाद नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने उनके आवास की बिजली आपूर्ति काट दी थी। इतना ही नहीं गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तरप्रदेश से आरएलडी समर्थकों ने दिल्ली में आकर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
तुगलक लेन के 5 नंबर बंगले का किस्सा
साल 2012 में क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद सचिन तेंदुलकर को तुगलक लेन में बंगला नंबर-5 अलॉट किया गया था। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के बेटे सुरेंद्र सिंह तुगलक लेन के इस बंगले में रहते थे लेकिन दोनों ही नेताओं की हादसे में मौत हो गई थी। साहिब सिंह वर्मा की जयपुर-दिल्ली राजमार्ग (एनएच-8) पर एक कार दुर्घटना में 30 जून 2007 को मौत हो गई। सुरेंद्र सिंह की 31 मार्च 2005 को सहारनपुर के पास एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई।
कैसे मिलता है सरकारी आवास?
साल 1992 में हाउसिंग और शहरी विकास मंत्रालय के अधीन डायरेक्टरेट ऑफ़ स्टेट्स (DoE) नाम का विभाग बनाया गया था। यह विभाग सांसदों को सरकारी बंगला आवंटित करता है। डायरेक्टरेट ऑफ़ स्टेट्स विभाग, जनरल पूल रेजिडेंशियल एकोमोडेशन एक्ट, संक्षिप्त में GPRA एक्ट नियम के तहत बंगला अलॉट करता है। इसी नियम में बताई गई शर्तों और नियमों के मुताबिक दिल्ली और उसके बाहर की भी कई लोकेशन पर सांसद को बंगले दिए जाते हैं। बता दें कि सांसदों के आवास देने की प्रक्रिया में DoE के अलावा लोकसभा और राज्यसभा की हाउसिंग कमेटी निर्णायक रोल निभाती है।
किस बंगले में रहते हैं राहुल गांधी?
राहुल गांधी दिल्ली के तुगलक लेन रोड में साल 2004 से रहते हैं। राहुल गांधी तुगलक लेन रोड में हाउस नंबर 12 में रहते थे। राहुल गांधी को फिर से उनका पुराना आवास टाइप 7 अलॉट हुआ है। टाइप 7 बंगला करीब एक से डेढ़ एकड़ में फैला होता है। इसमें 4 बेडरूम, 1 हॉल, 1 बड़ा डाइनिंग रूम और एक स्टडी रूम होता है। ऐसे बंगले अशोका रोड, लोधी रोड, कैनिंग रोड, तुगलक लेन आदि में स्थित है। टाइप 7 बंगला राज्य मंत्री, दिल्ली हाई कोर्ट के न्यायाधीश और कम से कम पांच बार संसाद रहे व्यक्तियों को आवंटित किया जाता है।
