केंद्रीय उर्जा मंत्री आरके सिंह स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने पहुंचे तो उन्हें एक महिला पर्यटक के गुस्से का शिकार होना पड़ा। इस दौरान महिला ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने आए पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं पर सवाल खड़े किए। महिला ने कहा कि जिस सुविधा की उम्मीद थी यहां उतनी सुविधाएं नहीं है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री महिला को समझाते रहे और आश्वासन दिया कि धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा।
दरअसल महिला ने अपने साथ मौजूद सीनियर सिटिजन को होने वाली तकलीफों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यहां पर लिफ्ट की समस्या है। एक बंद है जबकि एक चालू है। और पब्लिक सीनियर सिटिजन तीन-तीन चार-चार घंटे तक खड़े रहते हैं। कम से कम बैठने की तो व्यवस्था होनी चाहिए। सरकार ने सीनियर सिटिजन के लिए क्या किया? महिला के सवालों की बौछार के बाद केंद्रीय मंत्री के साथ मौजूद एक अधिकारी कहता है कि किसी कारणवश एक लिफ्ट खराब है जिसे ठीक किया जा रहा है। दुर्भाग्यवश हमारे पास दो ही लिफ्ट है। हम कोशिश कर रहे हैं।
वहीं केंद्रीय मंत्री कहते हैं ‘मैडम यह (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी) अभी बना है। धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा। आपको गर्व होना चाहिए की एक अच्छी चीज बनी है। कोई चीज एकाकक प्रकट नहीं होती है। धीरे-धीरे सुधार होता है। वैसे ही इसमें भी होगा।
बता दें कि गुजरात के नर्मदा जिले के केवड़िया में 182 मीटर ऊंची सरदार पटेल की यह मूर्ति दुनिया में सबसे ऊंची प्रतिमा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर, 2018 को उसका अनावरण किया था। 2389 करोड़ रुपए की लागत से बनी यह मूर्ति अमेरिका के न्यूयॉर्क में स्थित स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी (93 मीटर) से लगभग दोगुनी है।