उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के बिसौली में शनिवार सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में कंबल बांटने के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई व एक व्यक्ति जख्मी हो गया।

पुलिस अधीक्षक (देहात) बालेंदु भूषण सिंह ने बताया कि बिसौली कोतवाली क्षेत्र स्थित मदनलाल इंटर कालेज प्रांगण में शनिवार को सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन मनाया जा रहा था। सपा विधायक आशुतोष मौर्या द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुलायम के भतीजे और बदायूं से सांसद धर्मेंद्र भी मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि केक काटे जाने के बाद पांच हजार लोगों को कंबल बांटने का कार्यक्रम था। कंबल वितरण शुरू होते ही सांसद व अन्य नेता वहां से रवाना हो गए । उनके जाते ही कंबल को लेकर लोगों में छीना-झपटी शुरू हो गई और बेकाबू भीड़ कंबलों पर टूट पड़ी।

सिंह ने बताया कि इस दौरान भगदड़ मच गई जिसमें शरबती देवी (52) गिरकर घायल हो गई। उसे बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में भगवान दास नामक व्यक्ति घायल हो गया। उसका इलाज किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

* मदनलाल इंटर कालेज में शनिवार को सपा प्रमुख का जन्मदिन मनाया जा रहा था
* कंबल बांटने के दौरान मची भगदड़ में एक की मौत हुई, एक अन्य जख्मी