श्रीलंकाई नौसेना ने बंगाल की खाड़ी में मछली पकड़ रहे तमिलनाडु के 11 मछुआरों को हिरासत में ले लिया है। रामेश्वरम मछुआरा संघ के अनुसार, ये सभी मछुआरे एक ही नाव में सवार थे और समुद्र में मछली पकड़ने के दौरान श्रीलंकाई नौसेना ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उन्हें जांच के लिए श्रीलंका के कांगेसंथुरई नौसेना शिविर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि ये मछुआरे अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) के पास मछली पकड़ रहे थे, जहां अक्सर भारतीय और श्रीलंकाई नौसेना के बीच तनाव देखा जाता है।

तमिलनाडु के मछुआरों का कहना है कि वे बार-बार श्रीलंकाई नौसेना की कार्रवाई का शिकार हो रहे हैं, जिससे उनके जीवनयापन पर असर पड़ रहा है। इस मामले को लेकर भारतीय प्रशासन और राजनयिक स्तर पर बातचीत की मांग की जा रही है, ताकि मछुआरों की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित की जा सके।