मुंबई से कोलकाता जा रही स्पाइसजेट फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक इंजन के फेल होने के बाद विमान की आपातकाल लैंडिंग करवाई गई। अधिकारियों के मुताबिक सभी यात्री सुरक्षित हैं और हालात सामान्य हैं।

कोलकाता एयरपोर्ट ने क्या बताया?

कोलकाता एयरपोर्ट प्रशासन ने जानकारी दी है कि विमान की आपातकालीन लैंडिंग की वजह से रविवार देर रात कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी थी। हालांकि, हालात सामान्य होते ही इमरजेंसी अलर्ट हटा दिया गया।

यात्रियों ने क्या जानकारी दी?

बताया जा रहा है कि स्पाइसजेट की फ्लाइट नंबर SG-670 रविवार को मुंबई से कोलकाता जा रही थी। यात्रियों के मुताबिक, हवा में ही विमान का एक इंजन फेल हो गया। इसके बाद कंट्रोल रूम को तुरंत इसकी जानकारी दी गई और सुरक्षा के मद्देनज़र इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया गया।

अब तक स्पाइसजेट की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, कोलकाता एयरपोर्ट प्राधिकरण ने भी केवल सीमित जानकारी साझा की है।

लगातार हो रही घटनाएं, कौन जिम्मेदार?

यह पहली बार नहीं है जब किसी विमान की आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी हो। इससे पहले भी कई एयरलाइंस की उड़ानों के साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। वजहें अलग-अलग रही हैं- कभी तकनीकी खराबी, कभी मानव त्रुटि, तो कभी मौसम की खराबी।

हालांकि, लगातार हो रही इन आपातकालीन लैंडिंग्स ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग इस मुद्दे पर एयरलाइन कंपनियों की जिम्मेदारी और सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर चर्चा कर रहे हैं।