Azam Khan India Alliance: हिंदुस्तान की सियासत में विपक्ष की अगुवाई कर रहा इंडिया गठबंधन लगातार मुश्किल में दिखाई दे रहा है। इस गठबंधन का नेतृत्व कौन करेगा, इसे लेकर लड़ाई चल रही है। इस बीच, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान ने भी इस गठबंधन पर हमला किया है। आजम खान ने जेल से ही अपना संदेश भेजा है जिसे समाजवादी पार्टी की रामपुर इकाई के जिला अध्यक्ष अजय सागर ने मीडिया में जारी किया है।
बताना होगा कि आजम खान लंबे वक्त से उत्तर प्रदेश की सीतापुर जेल में बंद हैं।
अपने संदेश में आजम खान ने इंडिया गठबंधन को निशाने पर लिया है। आजम ने कहा है कि इंडिया गठबंधन रामपुर की बर्बादी पर चुपचाप बैठा रहा और इसने मुस्लिम लीडरशिप को मिटाने का काम किया है। आजम ने चेतावनी देते हुए कहा है कि इंडिया गठबंधन को अपना स्टैंड क्लियर करना होगा वरना भविष्य पर विचार करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
आजम खान समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं में शुमार हैं। वह उत्तर प्रदेश में कई बार विधायक, सांसद और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हैं। सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेहद भरोसेमंद और करीबी लोगों में आजम खान का नाम लिया जाता था।
उत्तर प्रदेश की मुस्लिम राजनीति के बड़े चेहरों में माने जाने वाले आजम खान ने अपने संदेश में कहा है कि समाजवादी पार्टी को रामपुर के मामलों को संसद में उतनी ही मजबूती से उठाना चाहिए जितना कि संभल के मामलों को। आजम ने कहा है कि अगर मुसलमानों के वोट का कोई मतलब नहीं है तो उन्हें इस पर विचार करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा कि उनके वोट का अधिकार रहना चाहिए या नहीं।
बड़ा सवाल यह है कि आजम खान की चिट्ठी से निकले संदेश का क्या मतलब है? इसे समझने की कोशिश करें तो आजम खान ने चिट्ठी के जरिए इंडिया गठबंधन में शामिल दलों को तीखे तेवर दिखाए हैं और यह भी कहा है कि इंडिया गठबंधन अपना स्टैंड क्लियर करे वरना मुस्लिम समुदाय को भविष्य पर विचार करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
याद दिलाना होगा कि लोकसभा चुनाव से पहले आजम खान ने मुरादाबाद और रामपुर की लोकसभा सीट पर उनकी पसंद के उम्मीदवार को टिकट दिए जाने के लिए सपा पर दबाव बनाया था। आजम खान का परिवार पिछले कुछ सालों से लगातार मुश्किलों का सामना कर रहा है। आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्लाह आजम भी मुकदमों का सामना कर रहे हैं। आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुए उपचुनाव के बीच अखिलेश यादव आजम खान के परिवार से मिलने के लिए रामपुर गए थे। तब अखिलेश यादव ने कहा था कि आजम खान को इंसाफ मिलेगा और सपा सरकार आने पर उनके खिलाफ दर्ज मामलों को खत्म कर दिया जाएगा।
कांग्रेस के हाथ से छिनेगी इंडिया गठबंधन की कमान? ममता के समर्थन में उतरे TMC सांसद
इंडिया गठबंधन के नेताओं के बीच ताजा विवाद कुछ दिन पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक बयान के बाद शुरू हुआ था। ममता बनर्जी ने संकेत दिया है कि वह इस गठबंधन की लीडरशिप संभाल सकती हैं। ममता के बाद कांग्रेस को सबसे बड़ा झटका लालू प्रसाद यादव ने दिया है। लालू यादव ने भी कहा है कि ममता बनर्जी को इंडिया गठबंधन की कमान सौंप दी जानी चाहिए।
इंडिया गठबंधन का नेतृत्व करने के मामले में ममता बनर्जी को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने क्या कहा, क्लिक कर पढ़िए खबर।