कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि यह ‘सत्ता के लालच’ में जनादेश का अपमान कर रही है। उच्चतम न्यायालय द्वारा बुधवार कोअरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बहाल करने का आदेश दिये जाने के बाद सोनिया ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने इन राज्यों में उचित तरीके से निर्वाचित सरकारों को हटाया और जनादेश का अपमान किया।

सोनिया ने कांग्रेस द्वारा आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मौजूदा सरकार ने सत्ता के लालच में अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड में उचित तरीके से निर्वाचित सरकारों को गिराया और जनादेश का अपमान किया।’’  कांग्रेस अध्यक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्गज कांग्रेसी नेता शंकरराव चव्हाण की एक प्रतिमा का अनावरण करने और उनके नाम पर एक स्मारक पुस्तकालय का उद्घाटन करने के बाद कहा, ‘‘हम सभी को हमारे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए उच्चतम न्यायालय पर बहुत गर्व है।’’
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी समारोह में मौजूद थे।

सोनिया ने कहा, ‘‘अगर शंकरराव आज जीवित होते, वह यह सब देखकर बहुत दुखी होते और इन असंवैधानिक कदमों का विरोध करते।’’ सोनिया ने राजग सरकार पर पिछली संप्रग सरकार के दौरान शुरू की गयी कल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करके किसानों और कमजोर वर्ग के लोगों को लाभ से वंचित करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘दुख की बात है कि किसानों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के लिए मनमोहन सिंह सरकार की बनाई कल्याण योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है। नतीजतन लाखों परिवार आघात सह रहे हैं।’’