सोमालिया में जिस भारतीय जहाज को समुद्री डाकुओं ने अपने कब्जे में ले लिया था, नौसेना ने अपने दम पर उस जहाज का सफल रेस्क्यू भी कर लिया है और सभी क्रू मेंबर भी पूरी तरह सुरक्षित हैं। असल में गुरुवार को ये जहाज किडनैप हुआ था, लेकिन नौसेना ने तुरंत एक्शन लेते हुए उससे संपर्क भी साधा और उसकी मूवमेंट को भी ट्रेस किया गया।

पूरा मामला क्या है?

जानकारी के लिए बता दें कि सोमालिया तट पर एक ‘एमवी लीला नॉरफॉक’ (MV LILA NORFOLK) नाम का जहाज हाईजैक हो गया था। जहाज गुरुवार हाईजैक हुआ था और तभी से भारतीय नौसेना उसकी निगरानी कर रही थी। सैन्य अधिकारी ने जानकारी दी थी कि भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस चेन्नई अपहरण की स्थिति से निपटने के लिए हाईजैक जहाज की ओर बढ़ चला था।

रेस्क्यू कैसे हुआ?

अब ताजा अपडेट ये है कि युद्धपोत आईएनएस चेन्नई उस जगह पर पहुंच भी गया और उसने समुद्री डाकुओं के चंगुल से उस जहाज को बाहर भी निकाल लिया। राहत की बात ये है कि जहाज में मौजूद 15 क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह की कोई चोट नहीं आई है। वैसे नौसेना ने तो साफ कहा था कि वो हर तरह की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

वैसे रेस्क्यू के दौरान इंडियन नेवी की शिप तो मौजूद थी ही, उसका एक हेलीकॉप्टर भी रेस्क्यू मिशन में लगा हुआ था। इस बीच नौसेना ने लगातार डाकुओं को धमकी भी दी थी, कहा था कि अगर छोड़ा नहीं गया तो गंभीर परिणाम के लिए तैयार रहना होगा।