पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बरसात से मौसम में ठिठुरन बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में जमकर बर्फबारी हुई जबकि हरियाणा, पंजाब व दिल्ली में बारिश से अचानक तापमान बुरी तरह गिरा। इससे पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई है और शिमला में पारा गिरकर 0.2 डिग्री सेल्सियस हो गया।
बर्फबारी और वर्षा से क्षेत्र में सूखे की स्थिति समाप्त हो गई और इससे पर्वतीय राज्यों में सेब उत्पादकों सहित किसानों के चेहरे खिल गए क्योंकि नम मौसम रबी फसलों के लिए अच्छा है। हालांकि बहुत से स्थानों पर यातायात व जनजीवन प्रभावित हुआ। इसके मद्देनजर शनिवार को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में मध्यम खतरे वाले हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई। चंडीगढ़ स्थित बर्फ व हिमस्खलन अध्ययन केंद्र (एसएएसई) ने शनिवार शाम पांच बजे से अगले 24 घंटे तक मध्यम खतरे के हिमस्खलन की चेतावनी जारी की।जम्मू कश्मीर के भूस्खलन संभावित बारामूला, कुपवाड़ा, बांदीपुरा, किश्तवाड़, राजौरी, डोडा, पुंछ और रियासी जिलों में ऐसा खतरा है।
इसी अवधि के लिए हिमाचल प्रदेश के हिमस्खलन संभावित चंबा, किन्नौर, लाहौल स्पीति जिलों के लिए भी इस खतरे का अंदेशा है। पंजाब व हरियाणा के कई हिस्सों में मध्यम से लेकर भारी बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों ने रविवार तक इन क्षेत्रों में और बारिश की संभावना जताई है।
* कश्मीर व हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में मध्यम खतरे वाले हिमस्खलन की चेतावनी
* शिमला में पारा गिरकर 0.2 डिग्री सेल्सियस हो गया, उत्तर भारत में भी ठंड बढ़ी
