स्‍नैपडील कर्मचारी दीप्ति सरना को अगवा करने का आरोपी देवेंद्र कुमार अब लव स्‍टोरी लिखना चाहता है। उसने पुलिस को बताया कि वह इस मामले में दीप्ति के प्रति अपने प्रेम पर किताब लिखना चाहता है। दीप्ति सरना अपहरण केस में वह वर्तमान में डासना जेल में बंद है। जेल प्रशासन के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स है कि देवेंद्र जेल में हिटलर की आत्‍मकथा ‘मीन काम्‍फ’ पढ़ रहा है। पुलिस ने बताया था कि देवेंद्र कुमार हिटलर और चंगेज खान काे आदर्श मानता है। पहले भी वह जब जेल में था तब वह हिटलर की आत्‍मकथा ही पढ़ा करता था।

जेल सुपरटिेंडेंट एसपी यादव ने बताया कि देवेंद्र जेल में बड़े आराम से रह रहा है। वह साथी कैदियों के साथ घुल मिल गया है। यादव ने बताया कि साथी कैदियों से बातचीत के दौरान देवेंद्र बताता है कि अपनी लव स्‍टोरी लिखना चाहता है। उसने यह भी कहा कि वह डर फिल्‍म में शाहरुख खान के किरदार से बहुत प्रभावित था।’ उसने जेल प्रशासन से अरुधंति रॉय की किताब ‘द गॉड ऑफ स्‍मॉल थिंग्‍स’ भी मांगी है।

Read Also: पुलिस का दावा: हिटलर, चंगेज खान और शाहरुख की ‘डर’ से प्रेरित होकर अगवा की गई थी Snapdeal की दीप्ति सरना

पुलिस ने बताया था कि देवेंद्र कुमार ने एक साल तक पीछा करने के बाद दीप्ति को अगवा कर लिया था। उसने पहली बार दीप्ति को राजीव चौक मेट्रो स्‍टेशन पर देखा था। देवेंद्र पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। वह सोनीपत में पेशी के दौरान फरार हो गया था। उस पर तीन हत्‍या के मामलों सहित कुल 32 आपराधिक मामले चल रहे हैं। वह मूलत: हरियाणा के कामी गांव का रहने वाला है।