MEA On Prajwal Revanna: प्रज्वल रेवन्ना (Prajwal Revanna) को बेंगलुरु पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया है। यौन उत्पीड़न मामले की जांच कर रही SIT प्रज्वल ने उसके बेंगलुरु एयरपोर्ट पहुंचने से पहले ही गिरफ्तारी की तैयारियां पूरी कर ली थीं। प्रज्वल के खिलाफ पहले से ही अरेस्ट वारंट जारी था।
प्रज्वल ने अपना वीडियो शेयर करके कहा था कि वो 31 मई को 10 बजे SIT के सामने सरेंडर करेगा। प्रज्वल कर्नाटक से हासन से जेडीएस के सांसद हैं और इस बार NDA के उम्मीदवार हैं। हालांकि, पार्टी ने उसे अब सांसद पद से निलंबित कर दिया है। पार्टी प्रमुख और प्रज्वल के दादा एचडी देवगौड़ा ने भी अपने वीडियो मैसेज के जरिये प्रज्वल को जांच में पुलिस को सहयोग करने के लिए भारत आने को कहा था। उन्होंने वीडियो के जरिये प्रज्वल को यह भी कहा था कि अगर वह भारत नहीं आता है तो उसे परिवार से बेदखल किया जाएगा।
प्रज्वल रेवन्ना का रद्द होगा राजनयिक पासपोर्ट
प्रज्वल रेवन्ना के मामले में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “विदेश मंत्रालय ने प्रज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने के लिए पासपोर्ट अधिनियम 1967 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रज्वल को 23 मई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसमें उन्हें नोटिस का जवाब देने के लिए 10 दिन का समय दिया गया था। मंत्रालय जवाब का इंतजार कर रहा है और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई करेंगे।”
प्रज्वल के खिलाफ क्या है मामला
प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ अब तक तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इनमे से 3 रेप के और एक यौन उत्पीड़न का है। प्रज्वल पर पहला मामला 28 अप्रैल को हासन के होलेनारसीपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ था, जिसमें 47 साल की पूर्व नौकरानी के साथ यौन शौषण का आरोप लगाया गया था। FIR के मुताबिक, प्रज्वल और उनके पिता एच डी रेवन्ना आरोपी बनाए गए थे। इस मामले में एचडी रेवन्ना जमानत पर रिहा हो गए हैं। लेकिन बाद में इसी महिला के कथित बयान के आधार पर रेप का मामला भी प्रज्वल के खिलाफ दर्ज किया गया।
1 मई को सीआईडी ने प्रज्वल से जुड़ा दूसरा मामला दर्ज किया, जिसमे 44 साल की एक महिला ने प्रज्वल पर कई बार रेप करने का आरोप लगाया। तीसरा मामला SIT ने दर्ज किया जिसमें पीड़ित महिला की उम्र 60 साल बताई गई। इस महिला ने भी प्रज्वल पर रेप का आरोप लगाया।
लोकसभा चुनाव में खूब चर्चा का विषय रहा प्रज्वल का केस
प्रज्वल रेवन्ना के स्कैंडल वाले कई वीडियो वायरल हुए। इसके बाद विपक्षी पार्टियों समेत देश भर से प्रज्वल के गिरफ्तारी की मांग उठने लगी। प्रज्वल पर आरोप है कि उसने कई महिलाओं के साथ न सिर्फ रेप किया बल्कि उनके वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया। इस पूरे मामले में प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना भी आरोपी हैं।