Sikkim Latest News: सिक्किम में बादल फटने की घटना के बाद आई बाढ़ की वजह से बड़ी संख्या में लोग अभी भी लापता है। तीस्ता नदी में आई बाढ़ की वजह से लापता लोगों में से 30 के शव पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में बरामद किए गए हैं। न्यूज चैनल आजतक द्वारा फ्लैश की गई इस के अनुसार, बरामद किए गए 30 शवों में से 3 भारतीय सैनिकों के हैं।
सिक्किम को हुआ हजारों करोड़ का नुकसान
सिक्किम में बादल फटने के बाद आई बाढ़ की वजह से राज्य को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सिक्कम के सीएम प्रेम सिंह तमांग ने शुक्रवार को कहा कि अचानक आई बाढ़ से राज्य को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है लेकिन सटीक विवरण एक समिति बनाए जाने और उसका विश्लेषण पूरा होने के बाद पता चलेगा।
CM तमांग ने पाकयोंग जिले के रंगपो शहर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और राहत शिविरों में रह रहे विस्थापित लोगों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को बचाना और उन्हें तत्काल राहत प्रदान करना है।
आपको बता दें कि उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर बुधवार तड़के बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के बाद सेना के सात जवानों सहित कम से कम 22 लोग मारे गए हैं, जबकि 103 अन्य लापता हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “जिलों के बीच सड़क संपर्क टूट गया है और पुल बह गए हैं। उत्तरी सिक्किम में संचार सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई है।”
25000 से ज्यादा प्रभावित
तमांग ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से लगभग 25,000 लोग प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और अन्य केंद्रीय मंत्रियों से बात की है और स्थिति पर चर्चा की। तमांग ने कहा, “उन्होंने मुझे आश्वासन दिया है कि राज्य को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।” (इनपुट- भाषा के साथ)