पंजाब के मशहूर गायक रहे दिवंगत सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह की सुरक्षा में लगे गार्ड्स आपस में ही भिड़ गए। दो सिक्योरिटी गार्ड के बीच हुई मारपीट में एक सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हुआ। इसके चलते उस गार्ड को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, और जांच शुरू कर दी है।
‘द ट्रिब्यून’ के अनुसार बलकौर सिंह शुक्रवार देर रात अपने गांव मूसा में थे। उसी दौरान उनके सुरक्षा गार्ड आपस में ही भिड़ गए, जिसमें से एक को गंभीर चोट आई है। चोट लगने के बाद गार्ड को मानसा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर चोट के चलते गार्ड के सिर पर इलाज के दौरान टांके लगाए गए।
बताया जा रहा है कि रात के समय, जब गार्ड सो रहा था उसी समय दो अन्य गार्ड्स उसके ऊपर हमला कर दिए। फिलहाल घायल गार्ड की हालत स्थिर बताई जा रही है। गार्ड्स के बीच हुई झड़प के बाद मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
2022 में मूसेवाला की हुई थी हत्या
गौरतलब है कि साल 2022 में मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, मूसेवाला अपने घर से कार लेकर निकले थे और उन ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। इसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मूसेवाला की हत्या के बाद पूरे देश में प्रदर्शन हुए थे। इसीलिए उनके पिता बलकौर सिंह की सुरक्षा में गार्ड लगे, अब गार्ड के बीच ही भिड़ंत के चलते उनकी सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े हो गए है।
बताया जा रहा है कि जिस वक्त ये घटना हुई उस दौरान बलकौर सिंह घर पर थे। पुलिस ने इस घटना को लेकर कहा है कि इस झड़प का संज्ञान लिया है, और इसके चलते ही बलकौर सिंह की सुरक्षा की समीक्षा की जाएगी।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सिद्धू मूसेवाला का हाल में ही एक गाना रिलीज हुआ था, जो कुछ घंटों में ही मिलियन में पहुंच गया था। सिद्धू की मौत के बाद ये उनका आठवां गाना है।