सब लेफ्टिनेंट शिवांगी भारतीय नौसेना की पहली महिला पायलट बन गई हैं। कोच्चि नवल बेस पर सोमवार को उन्होंने ऑपरेशनल ड्यूटी ज्वाइन की। उनका पूरा नाम शिवांगी स्वरूप है। इंडियन नेवी में पहली महिला पायलट बनने वाली बिहार की इस बेटी की कहानी दिलचस्प है। शिवांगी बताती हैं कि बचपन में उनके घर के पास उन्होंने एक हेलीकॉप्टर उतरते देखा जिसे देखने के बाद उन्होंने यह तय किया कि उन्हें पायलट बनना है।

शिवांगी बताती हैं कि उनके पिता गवर्मेंट स्कूल के प्रिंसिपल हैं और मां घर का काम संभालती हैं। शिवांगी कहती हैं कि उनके माता -पिता हमेशा सपोर्टिव रहे हैं। 24 वर्षीय शिवांगी डोनियर सर्विलांस एयरक्राफ्ट उड़ाएंगी। इस प्लेन को कम दूरी के समुद्री मिशन पर भेजा जाता है। इसमें अडवांस सर्विलांस रेडार, इलेक्ट्रॉनिक सेंसर और नेटवर्किंग जैसी कई खासियत है। इन फीचर्स के दम पर यह प्लेन भारतीय समुद्र क्षेत्र पर निगरानी रखेगा।

शिवांगी बिहार के मुजफ्फरपुर  का रहने वाली हैं। उनकरी प्रारंभिक पढ़ाई लिखाई मुजफ्फरपुर के ही डीएवी पब्लिक स्कूल से हुई है। प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद शिवांगी ने सिक्किम मणिपाल इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से बीटेक किया। 27 एनओसी कोर्स के तहत उन्होंने एसएसी (पायलट) परीक्षा पास की और नेवी में कमिशन हुईं। शुरुआती ट्रेनिंग के बाद शिवांगी ने जून 2018 में ही नेवी में शामिल हो गईं।

शिवांगी  ने इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर की उन्होंने कहा कि  उन्हें इस दिन का लंबे समय से इंतजार है। आखिरकार यह दिन मेरी जिंदगी में आ ही गया। उन्होंने कहा कि वह  अब तीसरे चरण की ट्रेनिंग पूरी करने की तरफ ध्यान लगा रही हैं। शिवांगी कहती हैं कि प्लेन उड़ाने के जेंडर मायने नहीं रखता है। हमें शुरुआती ट्रेनिंग के दौरान बताया गया था कि प्लेन को नहीं पता होता कि उसे महिला चला रही हैं या पुरुष। प्लेन  उड़ाने का हुनर आपके पास होना चाहिए  यह मायने रखता है।