कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने देश की गिरती अर्थव्यवस्था पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा है कि दिक्कते कभी भी छिपाने से हल नहीं होंगी। इसके साथ ही उन्होंने पीएम की ट्रोल आर्मी पर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री अपनी ट्रोल आर्मी को सही काम में लगाएं।
उन्होंने एक के बाद एक दो ट्वीट कर अपनी बात रखी। एक ट्वीट में उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के देश की ‘खस्ताहाल अर्थव्यवस्था’ वाले बयान का जिक्र करते हुए लिखा ‘सर, केंद्र और राज्यों में अपने कामकाम और समस्याओं को छिपाने से इनका हल नहीं निकलने वाला। यशवंत सिन्हा ने सही कहा है कि देश न सिर्फ आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं बल्कि खुद भी संकट से जुझ रहे हैं। आपकी जानकारी, सूचना, प्रसारण, एक्शन के लिए।’
शत्रुघ्न सिन्हा ने एक अन्य ट्वीट में कहा ‘कभी तो बोलिए सर, अपनी ट्रोल आर्मी को को किसी सही काम में लगाइए न कि किसी सही काम और सही लोगों के की आलोचना करने में।’ शत्रुघ्न सिन्हा लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए थे। वह बीजेपी में रहते हुए भी पार्टी की कई बार आलोचन कर चुके थे।
बता दें कि यशवंत सिन्हा ने आर्थिक सुस्ती पर सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था ‘बेहद गंभीर संकट’ में घिर चुकी है। उनका कहना है कि सरकारी अपनी बड़ी-बड़ी बातों से लोगों का ध्यान भटका रही है। सरकार लोगों को इस बात का दिलासा दे रही है कि अगली तिमाही में अर्थव्यवस्था बेहतर होगी जबकि सच्चाई यह है कि देश में मांग का स्तर नीचे गिर चुका है।
गौरतलब है कि 2019-20 की दूसरी तिमाही में देश की जीडीपी दर में गिरावट दर्ज की गई है। जीडीपी दर 4.5 फीसदी दर्ज की गई है। यह 6 साल में सबसे निचले स्तर पर है। खस्ताहाल अर्थव्यवस्था पर अब एनडीए सहयोगी भी सरकार पर सवाल उठाने लगे हैं। जनता दल यूनाइटेड और अकाली दल ने मौजूदा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।