कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर हमेशा चर्चाओं में बने रहते हैं, कभी अपनी महिला फैन और दोस्तों के कारण तो कभी अपने बयानों के कारण। अब एक और ऐसा ही मामला सामने आया है। थरूर की एक फोटो को लेकर ट्विटर पर धमाल मचा हुआ है। कहा जा रहा है कि थरूर कभी ‘मास्टर ज्ञान’ थे।
सोशल मीडिया पर एक फोटो को शेयर करते हुए कहा जा रहा है कि शशि थरूर बचपन में एक्टिंग किया करते थे। वो एक बाल कलाकार थे। यह सब तब शुरू हुआ जब फिल्म लेखक वैभव विशाल ने ‘छोटे थरूर’ की एक ब्लैक एंड व्हाइट फोटो शेयर की। उन्होंने दावा किया कि थरूर ने नौ फिल्मों में अभिनय किया था। जिसमें हिंदी और मलयालम फिल्में शामिल हैं। तब थरूर मास्टर ज्ञान के रूप में जाने जाते थे।
विशाल ने लिखा- “शशि थरूर अंदाज अपना अपना में कभी नहीं थे, उन्होंने एक बाल कलाकार के रूप में फिल्मों में अभिनय किया है। उनका फिल्मी नाम मास्टर ज्ञान था, और उन्होंने 9 हिंदी और मलयालम फिल्में की हैं”।
इस ट्वीट के साथ ही विशाल ने एक फोटो को भी शेयर किया था, जिसमें एक बच्चा गीता बाली के साथ नजर आ रहा है, जिसे विशाल, थरूर बता रहे थे। इसी पोस्ट पर थरूर ने रिट्वीट करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा से इसे गुप्त रखने की कोशिश की है, लेकिन आज सच सामने आ ही गया। थरूर के इस पोस्ट के बाद से यूजर भ्रमित हो गए और इसे सच मान बैठे। हालांकि इसे अप्रैल फूल की तरह शेयर किया गया था।
जब मामला बढ़ा तब कांग्रेस नेता ने इस मजाक पर से पर्दा हटाया और कहा कि जिन्होंने भी इस पोस्ट को गंभीरता से लिया है उन्हें बता दूं कि यह एक मजाक था। विशाल मेरी टांग खींच रहा था। जिसपर वो भी मजे ले रहे थे। इसके बाद विशाल ने भी ट्वीट किया और मजाक को स्वीकार करते हुए लोगों से माफी भी मांगी।
