पंजाब के पठानकोट में फंगटोली नाम के एक गांव की काफी चर्चा हो रही है। जहां उस वक्त हड़कंप मच गया जब सात संदिग्ध लोग एक साथ देखे गए। सूचना मिलने पर सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
पुलिस ने भी गांव में पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। फंगटोली गांव में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब देर रात सात संदिग्ध व्यक्तियों ने एक महिला से उसके घर पर पानी मांगा। इसके बाद वे जंगल की ओर चले गए। महिला ने पहले ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने जारी क्यी स्केच
पुलिस और सेना के जवान गांव में पहुंच गए हैं और इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं। पुलिस ने इन लोगों का एक स्केच भी जारी किया है और लोगों से पहचान करने की अपील की है।
पुलिस ने क्या कहा?
डीएसपी पठानकोट सुमेर सिंह ने बताया कि कल देर रात सूचना मिली कि फंगटोली गांव में करीब सात संदिग्ध लोग देखे गए हैं। डीएसपी ने कहा, “हम सभी पहलुओं की जांच करेंगे। आज सुबह संयुक्त तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हम इलाके की जांच करेंगे। जिन लोगों ने उन्हें देखा, उनके अनुसार संदिग्ध लोगों के पास कोई गोला-बारूद नहीं था।” फिलहाल ये लोग कौन थे, क्या करने आए थे, इस बारे में किसी तरह की जानकारी निकलकर सामने नहीं आई है। महिला से पानी मांग कर वह आगे बढ़ गया, उसके साथ 6 और लोग थे। महिला को संदिग्ध लगा तो उसने गांव के अन्य लोगों को इस संबंध में जानकारी दी और पुलिस को बताया गया।
पहले भी दिख चुके हैं 4 संदिग्ध
एबीपी न्यूज़ की एक खबर के मुताबिक इससे पहले भी पठानकोट में चार संदिग्ध दिखे थे। जिन्हें जिले के मामनू के गांव पडिया लाहड़ी के पास देखा गया था। पुलिस ने इन्हें खोजने के लिए भी अभियान चलाया था। यह लोग आर्मी की वर्दी में थे। एक शख्स से रास्ता पूछने के बाद वह आगे बढ़ गए थे। बॉर्डर इलाका होने की वजह से पुलिस इस तरह के इलाकों पर खासतौर पर नजर रखती है।