बहुजन समाज पार्टी ने सतीश चंद मिश्रा को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। शनिवार को दाखिल किए गए उनके हलफनामे के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति में 2010 के मुकाबले करीब 10 गुना का इजाफा हुआ है। 2010 में उनकी कुल संपत्ति 11.68 करोड़ रुपए थी, जो अब बढ़कर 103.66 करोड़ रुपए हो गई है। उनकी पत्नी कल्पना की संपत्ति भी इसी स्पीड से बढ़ी है। पति-पत्नी, दोनों की 2010 में कुल संपत्ति 19.94 करोड़ रुपए थी, जो अब बढ़कर 192.81 करोड़ रुपए हो गई है।
सतीश मिश्रा के पास 35 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है जो कि 2010 से 13 गुना ज्यादा है। तब उनकी चल संपत्ति सिर्फ ढाई करोड़ रुपए थी। कैश और अन्य वित्तीय निवेशों के अलावा गहनों में भी मिश्रा ने भारी बढ़ोत्तरी दिखाई है। Times of India की खबर के अनुसार, पेशे से वकील मिश्रा ने लग्जरी गाड़ियों के बेड़े में भी कई गाड़ियां जोड़ी हैं। 2010 में जहां मिश्रा एक होंडा, टोयोटा और ट्रैक्टर के मालिक थे, वहीं अब वह दो मर्सडीज कारों के मालिक हैं।
Read more: मायावती के पैर छूते हुए फोटो फेसबुक पर पोस्ट की, बसपा ने महिला नेता का टिकट काटा
मिश्रा की अचल संपत्ति में भी कमाल की बढ़ोत्तरी देखी गई है। 2010 में जहां उनके पास 9.18 करोड़ की अचल संपत्ति थी, वहीं अब उनके पास 68.66 करोड़ की अचल संपत्ति है। इसमें तीन खेतिहर जमीनों और तीन घरेलू प्लॉट (जिनमें से एक लखनऊ के पॉश विंडसर प्लेस में है) के दाम में बढ़ोत्तरी शामिल हैं। बसपा उम्मीदवार के पास नोएडा के सेक्सर Sector 15-A में एक आवास भी है, साथ ही उनके पास सुंदर नगर, नई दिल्ली में एक आवासीय बिल्डिंग है। कुल मिलाकर मिश्रा के पास 103.66 करोड़ रुपए की संपत्ति है जो कि 2010 में उनकी 11.68 करोड़ रुपए का करीब 10 गुना है।
Read more: पांच केन्द्रीय मंत्रियों समेत 12 को राज्यसभा भेजेगी BJP, कई और नेता लाइन में
उनकी पत्नी कल्पना मिश्रा की संपत्ति भी तेजी से बढ़ी है। उनकी चल संपत्ति में 2010 के मुकाबले 10 गुना और अचल संपत्ति 7 गुना बढ़ गई है। 2010 में कल्पना के पास 1.94 करोड़ रुपयों की चल संपत्ति थी, लेकिन छह साल बाद वह बढ़कर 25 करोड़ रुपए हो गई है। उनके गहने जो 2010 में 3.2 किलो थे, बढ़कर 4.2 किलो हो गए हैं। कल्पना की अचल संपत्ति में भी खासा उछाल देखने को मिला है। 2010 में 6.32 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति रखने वाली कल्पना आज 64.15 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति की मालकिन हैं। कल्पना के पास कुल 89.15 करोड़ रुपए की संपत्ति है।
सतीश चंद्र मिश्रा और उनकी पत्नी की संपत्ति मिला दें तो कुल संपत्ति 192.81 करोड़ रुपए हो जाती है। जो कि 2010 में दोनों की कुल संपत्ति (19.94 करोड़ रुपए) का 10 गुना है।
Read more: मोदी सरकार को घेरने के लिए इन नेताओं को राज्यसभा भेजेगी कांग्रेस, यह है प्लान
इसके उलट बसपा के दूसरे राज्यसभा उम्मीदवार, अशोक सिद्धार्थ के पास 1.45 करोड़ रुपयों की चल संपत्ति है। उनकी पत्नी सुनीता के पास 36 लाख रुपए की चल संपत्ति है। एफिडेविट के अनुसार, सिद्धार्थ के पास 2.91 करोड़ रुपयों की अचल संपत्ति है। उनके पास कोई खेतिहर जमीन नहीं है, मगर बाराबंकी की नवाबगंज तहसील में 54,000 स्क्वायर फीट का प्लॉट जरूर है जिसकी कीमत 1.4 करोड़ रुपए है। उनकी पत्नी के पास 2.23 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है।