दिल्ली के बिजनेसमैन संजय कपूर ने आरोप लगाया है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर ने उनके साथ पैसे के लिए शादी की थी। संजय ने मुंबई के उपनगर बांद्रा की फैमिली कोर्ट में तलाक के लिए दाखिल नई याचिका में यह बात कही है। अंग्रेजी अखबार ‘मिरर’ के अनुसार याचिका में यह भी कहा गया है कि करिश्मा एक पत्नी और बहू की जिम्मेदारी निभाने में असफल रही हैं। साथ ही उन्होंने मां की जिम्मेदारी को भी ठीक प्रकार से नहीं निभाया।
करिश्मा और संजय के दो बच्चे (समायरा और कियान) हैं। फिलहाल बच्चे मां करिश्मा कपूर के साथ ही रहते हैं। संजय ने यह भी दावा किया है कि करिश्मा बच्चों का इस्तेमाल कर रही हैं, ताकि उनसे और ज्यादा पैसों की मांग की जा सके। करिश्मा कपूर ने उनके बीमार पिता को दोनों बच्चों से मिलने नहीं दिया और उनके पिता बच्चों से मिलने की उम्मीद लिए 6 महीने पहले इस दुनिया को अलविदा कह गए।
दूसरी ओर करिश्मा कपूर के वकील क्रांति साठे ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि, ‘संजय झूठी कहानियां बनाकर बच्चों के लिए स्थिति को और मुश्किल बना रहे हैं। इससे बच्चों पर बुरा असर पड़ सकता है।’ करिश्मा के साथ संजय कपूर की शादी 2003 में हुई थी। बड़ी बेटी समायरा वर्ष 2005 में और बेटा कियान वर्ष 2010 में पैदा हुआ था। इससे पहले करिश्मा ने आरोप लगाया था कि संजय कपूर उनके साथ बुरा बर्ताव करते हैं।