संभल में हिंसा के बाद अब हालात पुलिस के नियंत्रण में हैं। इस बीच संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा है कि 2500 लोगों के खिलाफ 7 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी को हम सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे की मदद से पहचानेंगे। संभल के एसपी ने कहा कि संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
सांसद जिया उर रहमान बर्क के खिलाफ FIR दर्ज
संभल में पथराव की घटना पर मुरादाबाद के कमिश्नर अजनेय कुमार सिंह ने कहा, ”संभल में स्थिति शांतिपूर्ण है। जांच चल रही है। एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं। संभल के सांसद जिया उर रहमान बर्क और स्थानीय विधायक के बेटे के खिलाफ उकसाने की एफआईआर दर्ज की गई है। 4 लोगों की मौत हो गई है।घायलों का इलाज चल रहा है। सख्त कार्रवाई की जाएगी, जरूरत पड़ी तो एनएसए भी लगाया जाएगा।”
योगी सरकार पर बरसे असदुद्दीन ओवैसी
संभल पथराव की घटना पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ”संभल में मस्जिद 50-100 साल पुरानी नहीं है, यह 250-300 साल से अधिक पुरानी है और अदालत ने मस्जिद के लोगों की बात सुने बिना एक पक्षीय आदेश पारित कर दिया, जो गलत है। जब दूसरा सर्वे हुआ तो कोई जानकारी नहीं दी गई। लोग जिस सर्वे का दावा कर रहे हैं उसका वीडियो पब्लिक डोमेन में है, जिसमें दिख रहा है कि सर्वे के लिए आए लोगों ने हिंसा भड़काने वाले नारे लगाए हुआ। तीन मुसलमानों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हम इसकी निंदा करते हैं। यह गोलीबारी नहीं बल्कि हत्या है। इसमें शामिल अधिकारियों को निलंबित किया जाना चाहिए और एक इसकी जांच कराई जानी चाहिए। वहां अत्याचार हो रहा है।”
संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा, “हमारे सब-इंस्पेक्टर दीपक राठी जो कल घायल हो गए थे, उन्होंने 800 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। जिया उर रहमान बर्क और सोहेल इकबाल को आरोपी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इन्होने भीड़ को उकसाया था। बर्क ने पहले भी भड़काऊ भाषण दिया था और उन्हें ऐसा नहीं करने को कहा गया था। घटना में 15 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
पूरे मामले पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, ”सरकार संभल की घटना पर राजनीति करने की कोशिश कर रही है। यहां प्रदेश में नफरत की राजनीति और दमन की राजनीति की जा रही है। इसकी गहन जांच होनी चाहिए। इसी को लेकर हम मौन धरना दे रहे हैं। आने वाले समय में मेरे नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल संभल जाएगा।” पढ़ें संभल में क्या है पूरा मामला