Samajwadi Party Chief Akhilesh Yadav’s Uncle Rajpal Yadav Passes Away: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के चाचा राजपाल सिंह यादव का गुरुवार तड़के निधन हो गया। राजपाल यादव लंबे समय से बीमार थे और उनका इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। सुबह चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरे समाजवादी परिवार में शोक का माहौल है।

राजपाल यादव के निधन की जानकारी सपा नेता और उनके भाई रामगोपाल यादव ने दी। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “मैं अत्यंत दुख के साथ सूचित कर रहा हूं कि मेरे अनुज राजपाल सिंह का आज सुबह चार बजे मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर सैफई में होगा। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दें। ॐ शांति।”

राजपाल यादव के पार्थिव शरीर को गुरुग्राम से उनके पैतृक गांव सैफई ले जाया जाएगा। वहां उनका शव कुछ समय के लिए अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। उनके अंतिम संस्कार को लेकर सटीक समय की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन यादव परिवार के सभी सदस्य सैफई में जुट रहे हैं।

राजपाल यादव मुलायम सिंह यादव के चार भाइयों में चौथे स्थान पर थे। वह मुलायम सिंह से छोटे और शिवपाल यादव से बड़े थे। राजपाल यादव का परिवार भी राजनीति में सक्रिय रहा है। उनके बेटे अंशुल यादव दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हैं। राजपाल की पत्नी प्रेमलता यादव ने 2005 में राजनीति में कदम रखा था और यादव परिवार की पहली महिला नेता बनी थीं। बाद में परिवार की अन्य महिलाएं, शिवपाल की पत्नी सरला यादव, अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव और प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव भी राजनीति में आईं।

राजपाल यादव के निधन से सैफई में शोक की लहर है। सुबह से ही उनके घर पर लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। यादव परिवार और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता इस दुखद घटना से गहरे सदमे में हैं।