कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने एक बार फिर विवादित बयान दे दिया है। उनका कहना है कि दक्षिण के लोग अफ्रीकी और पूर्वोत्तर के चाइनीज जैसे दिखते हैं। देश में विविधता की बात करते हुए पित्रोदा ने ये विवादित बयान दिया है। एक इंटरव्यू में उनकी तरफ से कहा गया कि ये देश काफी विविध है, सभी एकजुट रहते हैं। लेकिन संदेश देने के लिए जिन शब्दों का प्रयोग उन्होंने किया, उस पर नया विवाद छिड़ गया है।
पित्रोदा अब क्या बोल गए?
सैम पित्रोदा ने कहा कि हमारे देश में पूर्वोत्तर के लोग चाइनीज जैसे दिखते हैं, पश्चिम के अरब जैसे हैं और दक्षिण के अफ्रीकी जैसे, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, हम सभी भाई-बहन की तरह रहते हैं। अब बीजेपी ने इस बयान के बाद फिर कांग्रेस पर निशाना साधा है। जोर देकर कहा है कि कांग्रेस की विचारधारा देश को बांटने वाली है। इससे पहले विरासत टैक्स का जिक्र कर भी पित्रोदा ने कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी थीं।
पहले क्या कहा था?
एक बयान में पित्रोदा ने कहा था कि अमेरिका में तो विरासत टैक्स चलता है। अगर किसी के पास 100 मिलियन डॉलर की भी संपत्ति है, तो उसके मरने के बाद 45 फीसदी अगर बच्चों के पास जाती है तो 55 फीसदी सरकार ले लेती है। ये काफी दिलचस्प कानून है। कानून कहता है कि आपको अपनी सारी संपत्ति बच्चे के लिए नहीं छोड़नी है, लेकिन आधी पब्लिक लिए छोड़ देनी चाहिए। भारत में तो ऐसा कोई कानून नहीं है। अगर 10 मिलियन भी कमा रहा है, मरने के बाद वो सारा पैसा बच्चों को मिलता है, पब्लिक के पास कुछ नहीं जाता। लोगों को इस पर डिबेट करनी चाहिए। अब मुझे नहीं पता कि निष्कर्ष क्या निकलेगा, लेकिन जब कांग्रेस संपत्ति बांटने की बात करती है, बात नए कानूनों की है। ये कानून आम आदमी के हित के होते हैं, सिर्फ अमीरों के हित के नहीं।
बीजेपी ने मुद्दे को भुनाया
अब उस बयान के बाद ही बीजेपी ने उसे बड़ा मुद्दा बना लिया था। पार्टी की तरफ से अमित मालवीय ने कहा कि कांग्रेस ने भारत को बर्बाद करने की ठान ली है। अब सैम पित्रोदा 50 फीसदी विरासत टैक्स की वकालत कर रहे हैं। इसका मतलब है कि जो भी आप अपनी मेहनत से कमा रहे हैं, उसका 50 फीसदी हिस्सा आपके ले लिया जाएगा, ये उस टैक्स से अलग होगा जो आप समय पर देते हैं।