बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर के बाहर रविवार को सुबह करीब 4.55 बजे फायरिंग की घटना सामने आई। गैलेक्सी के बाहर अज्ञात बाइकर्स ने कई राउंड फायरिंग की। हादसे में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है लेकिन फायरिंग की घटना ने सलमान के फैंस और फैमिली को चिंता में डाल दिया है। सवाल उठ रहा है कि इतनी टाइट सिक्यूरिटी के बाद भी इस घटना को कैसे अंजाम दिया गया। अब इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। मामले की जांच के लिए 15 टीमें बनाई गई हैं। इस हमले के पीछे रोहित गोदारा का नाम सामने आया है।
कौन है रोहित गोदारा?
रोहित गोदारा जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक वह यूके से गिरोह के सभी संचालन को संभालता है। NIA पिछले काफी समय से उसे भारत लाने का प्रयास कर रही है। मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर का रहने वाला रोहित हत्या और जबरन वसूली के 35 से अधिक मामलों का आरोपी है। वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए दुबई भाग गया था। इसके बाद वह यूके चला गया।
एनआई ने जब जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसका एक ‘बिजनेस मॉडल’ है। अलग-अलग राज्यों में उसके मॉडल को अलग-अलग लोग संभालते हैं। इनमें रोहित उसका राजस्थान में पूरा काम देखता है। गोदारा कथित तौर पर पिछले साल राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या और मई 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी शामिल था।
सीसीटीवी फुटेज आया आया सामने
सलमान खान के घर के बाहर हुए हमले के दोनों हमलावरों की तस्वीरें भी सामने आई हैं। सूत्रों का कहना है कि हमलावर मुंबई से फरार हो गए हैं। इसके अलावा जांच एजेंसियों को 29 फरवरी 2024 को हरियाणा के रोहतक के एक ढाबे की तस्वीरें भी मिली हैं। सूत्रों का कहना है कि यह वहीं हमलावर हैं जिन्होंने सलमान के घर के बाहर फायरिंग की थी। इनके नाम विशाल राहुल उर्फ कालू बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार को सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी के कुछ घंटों बाद अनमोल बिश्नोई ने एक कथित ऑनलाइन पोस्ट में घटना की जिम्मेदारी ली। इस पोस्ट में सलमान खान को चेतावनी देते हुए कहा गया कि यह सिर्फ ‘ट्रेलर’ था।