बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान भले ही जेल में हों। लेकिन इससे उनके फैंस की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। उल्टा वे सलमान के लिए हैरान-परेशान हैं। आलम यह है कि जेल के बाहर वे सल्लू के लिए घंटों इंतजार करते देखे गए। कुछ फैंस तो सलमान जैसे काले लिबास में जेल के बाहर नजर आए, जबकि कुछ उनके लिए टिफिन लेकर आए थे। आपको बता दें कि साल 1992 के काला हिरण (ब्लैकबक) शिकार मामले में सलमान दोषी करार दिए गए हैं। गुरुवार (पांच अप्रैल) को जोधपुर की सीजेएम कोर्ट ने उन्हें पांच साल की सजा सुनाई। साथ ही उन पर 10 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है, जबकि अन्य आरोपियों को बरी कर दिया गया, जिनमें सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम थीं।

सलमान को तीन साल की जेल की सजा हुई थी, लिहाजा उन्हें सेशंस कोर्ट ही बेल दे सकता है। वक्त की कमी के कारण गुरुवार को सेशंस कोर्ट में उनकी जमानत पर सुनवाई नहीं हो सकी। ऐसे में पांच अप्रैल की रात सलमान को जेल में ही बितानी पड़ी थी। कैदी नंबर 106 सलमान को बैरक संख्या-दो के भीतर रखा गया। शुक्रवार (छह अप्रैल) को भी उनकी जमानत पर सुनवाई न हो सकी। जज ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया, जिसके कारण मामले की सुनवाई शनिवार (सात अप्रैल) तक के लिए टल गई।

ऐसे में शुक्रवार दोपहर जेल के बाहर सलमान की झलक पाने के लिए फैंस डटे रहे। भयंकर धूप और गर्मी के बाद भी सल्लू के चाहने वालों का उत्साह देखते बन रहा था। महिलाएं हो या बच्चे। हर कोई उनकी एक झलक पाने को बेताब था। खासकर नवयुवक जेल के बाहर घंटों उनके लिए इंतजार करते दिखे। जेल के बाहर सलमान के पोस्टरों से भरा कोई ऑटो लेकर आया। वहीं, कोई सुपर स्टार के लिए खाना लेकर पहुंचा।

शुक्रवार सुबह पहले सलमान से मिलने के लिए प्रीति जिंटा आई गईं। वहीं, गुरुवार रात उन्हें रोटी, बंधा की सब्जी और चना दाल खाने में दी गई। लेकिन उन्होंने उसे खाने से मना कर दिया था। शुक्रवार सुबह उन्होंने ब्रेकफास्ट में ब्राउन ब्रेड और दूध मंगाया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बगल के बैरक में बलात्कार के मामले में दोषी आसाराम ने उनसे टिफिन के लिए पूछा था। आसाराम के साथ रह रहे सेवादारों ने एक्टर का हाल-चाल जाना था। मगर वह बिल्कुल चुप-चाप थे। उन्होंने ज्यादा किसी से बात नहीं की।