Sabarimala Temple Updates: सबरीमाला मंदिर का द्वार खुल गया है। श्रद्धालु मंगलवार (6 नवंबर) तक भगवान अयप्‍पा के दर्शन कर सकेंगे। अथजा पूजा के बाद ही द्वार बंद होगा। भगवान अयप्पा का मंदिर एक दिन के लिए खुला रहेगा। मंदिर में महिलाओं के प्रवेश के लिए कई संगठनों द्वारा प्रदर्शन की संभावना व्यक्त की जा रही है। इसके मद्देनजर करीब 2,300 पुलिसकर्मियों ने मंदिर परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात हैं। बीते तीर्थयात्रा सत्र में व्यापक पैमाने पर हुए विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। एक अधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं को केवल सोमवार दोपहर बाद ऊपर के रास्ते पर जाने की इजाजत दी जाएगी। मंदिर के कपाट शाम पांच बजे खुलेंगे और मंगलवार रात 10 बजे बंद होंगे। पथानमथिट्टा जिला कलेक्टर पी.बी. नूह ने मंदिर कस्बे और उसके आस-पास निषेधात्मक आदेश घोषित कर दिए हैं। प्रदर्शनों को रोकने के लिए चार या उससे अधिक लोगों के इकठ्ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं कोर्ट ने कहा कि सरकार को प्रतिदिन की गतिविधियों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।

भाजपा व कई अन्य हिंदू संगठन सबरीमाला मंदिर में सभी आयु की महिलाओं को प्रवेश देने के सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। केरल सरकार ने कहा है कि वह शीर्ष अदालत के आदेश को लागू करेगी। निलक्कल से लेकर मंदिर कस्बे आधार शिविर पांबा तक जाने वाली सभी सड़कों पर बैरिकैड लगा दिए गए हैं और पुलिस द्वारा सोमवार सुबह तक निषिद्ध घोषित कर दिया गया है। पुलिस मंदिर कस्बे और उसके आस-पास से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की जांच कर रही है। रविवार को विरोध के बाद पुलिस ने मीडिया को निकल जाने की इजाजत दे दी है।

Live Blog

Sabarimala Temple Live Updates

Highlights

    18:18 (IST)05 Nov 2018
    सबरीमाला के सिक्योरिटी इंचार्ज ने कहा, किए हैं सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम

    सबरीमाला के सिक्योरिटी इंचार्ज आईजी अजिथ कुमार ने कहा कि हमने सुरक्षा के तमाम इंतज़ाम किए हैं ताकि यहां आए श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के दर्शन करने में कामयाबी मिले। हमारे पास कई चेतावनियां आई हैं। इन सभी चुनौतियों के मद्देनज़र हमने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं।

    18:08 (IST)05 Nov 2018
    सबरीमाला मंदिर में पहुंचने के लिए कई श्रद्धालुओं ने पवित्र पत्थीनेटम पड़ी पर चढ़ने की कोशिश की

    जबरदस्त भीड़ के बीच कई श्रद्धालुओं ने पवित्र पत्थीनेटम पड़ी पर चढ़ने की कोशिश की ताकि वे सबरीमाला मंदिर में पूजा करने के लिए जा पाएं। सबरीमाला मंदिर को आज शाम ही श्रद्धालुओं के लिए खोला गया है। भारी भीड़-भाड़ के बीच भक्तों ने मंदिर में एंट्री की।

    17:54 (IST)05 Nov 2018
    सबरीमाला में श्रद्धालुओं ने की एंट्री

    शाम को द्वार खुलने के साथ ही कई श्रद्धालुओं ने सबरीमाला मंदिर में एंट्री की। सबरीमाला मंदिर को अत्थाजाहा पूजा के बाद कल बंद कर दिया जाएगा।

    14:30 (IST)05 Nov 2018
    केरल उच्च न्यायालय ने कहा- श्रद्धालुओं और मीडिया को मंदिर में जाने से रोका नहीं जाना चाहिए

    केरल उच्च न्यायाल ने कहा कि श्रद्धालुओं और मीडिया को सबरीमाला मंदिर में जाने से रोका नहीं जाना चाहिए। सरकार को मंदिर में होने वाली प्रतिदिन की गतिविधियों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। वाहनों को क्षतिग्रस्त करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय स्तर की एक जांच होनी चाहिए। 

    11:24 (IST)05 Nov 2018
    कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2300 पुलिसकर्मी तैनात

    पुलिस ने कहा कि सुचारू रूप से ‘दर्शन’ के लिए 2300 पुलिसर्किमयों को तैनात किया गया है जिनमें 20 सदस्यीय कमांडो टीम और 100 महिलाएं शामिल हैं। इस तरह की किलेबंदी का पूर्ववर्ती शाही परिवार पंडालम, भाजपा और कांग्रेस ने विरोध किया है।

    11:22 (IST)05 Nov 2018
    चार या अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध

    पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और सबरीमला तथा आसपास के इलाकों में चार या अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पिछले महीने रजस्वला उम्र वर्ग की महिलाओं को मंदिर में प्रवेश देने के विरोध में हिंसक प्रदर्शन हुए थे।

    10:25 (IST)05 Nov 2018
    सबरीमाला मंदिर जाने के लिए श्रद्धालुओं ने शुरू की यात्रा

    सबरीमाला मंदिर जाने से कुछ श्रद्धालु निलक्कल बेस कैंप से अपनी यात्रा शुरू कर चुके हैं। मंदिर का कपाट आज शाम में खुलेगा और कल शाम अथज्ञा पूजा के बाद बंद होगा। 

    10:21 (IST)05 Nov 2018
    निलक्कल बेस कैंप पर इकट्ठा हुए श्रद्धालु

    आज शाम से सबरीमाला मंदिर खुल जाएगा। इसे लेकर श्रद्धालु निलक्कल बेस कैंप पर सुबह से इक्ट्ठे होने लगे। निलक्कल बेस कैंप के इंचार्ज मंजूनाथ्ज्ञ एच ने कहा, "यह काफी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। हम भक्तों को आगे जाने से नहीं रोक रहे हैं।"

    10:14 (IST)05 Nov 2018
    सबरीमाला मंदिर पुलिस के नियंत्रण में

    केरल के सबरीमाला कस्बे को पूरी तरह पुलिस ने अपने नियंत्रण में ले लिया। ऐसा प्रसिद्ध भगवान अयप्पा मंदिर की आज की पूजा को देखते हुए किया गया है। पथनामथित्ता जिला पुलिस अधीक्षक टी. नारायण के मुताबिक, मंदिर कस्बे में 1,500 पुलिस अधिकारियों को तैनात कर दिया गया है और ये छह नवंबर मध्यरात्रि तक यहां तैनात रहेंगे, जब तक मंदिर फिर से बंद नहीं हो जाता है।

    10:13 (IST)05 Nov 2018
    कोलकाता में भी सबरीमाला, काली पूजा पंडाल में महिलाओं के प्रवेश पर रोक

    केरल के सबरीमाला मंदिर के विवादों के बीच कोलकाता में भी पूजा-स्थल में महिलाओं के प्रवेश पर रोक का मामला सामने आया है। यहां 34 साल से चली आ रही पंचकूंडा काली पूजा के पंडाल में महिलाओं के प्रवेश पर रोक है।

    10:11 (IST)05 Nov 2018
    कोर्ट ने कहा था- सबरीमाला मंदिर सभी के लिए खुला है

    केरल उच्च न्यायालय (देवासोम पीठ) ने बीते सोमवार  (29 अक्टूबर) को आदेश दिया था कि सबरीमाला मंदिर सिर्फ हिंदुओं के लिए ही नहीं हैं, बल्कि यहां सभी धर्मो के लोगों के स्वागत की परंपरा रही है। यह आदेश हिंदू कार्यकर्ता व भाजपा समर्थक टी.जी. मोहन दास द्वारा दाखिल याचिका पर आया है। दास ने अपनी याचिका में उच्च न्यायालय से मंदिर सिर्फ भक्तों के लिए खोले जाने का आदेश देने का आग्रह किया था। अदालत ने इसे स्वीकार नहीं किया और इंगित किया कि सबरीमाला मंदिर सभी के लिए खुला है।

    10:04 (IST)05 Nov 2018
    भाजपा नेता ने दी पुलिस को चेतावनी

    भाजपा की केरल इकाई के प्रवक्ता एम.टी. रमेश ने पुलिस को श्रद्धालुओं द्वारा सर पर रख कर ले जाने वाली पवित्र किट (इर्रुमुदी केत्तु) की जांच करने के खिलाफ चेतावनी दी है।