यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को कहा कि दो रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों ने यूक्रेन के मध्य-पूर्वी क्षेत्र में एक शिक्षक संस्थान और अस्पताल के पास हमला किया जिसमें कम से कम 41 लोग मारे गए और 180 अन्य घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह हमला पोल्टावा शहर में हुआ। पोल्टावा रूस की सीमा से लगभग 110 किलोमीटर (70 मील) और कीव से लगभग 350 किलोमीटर (200 मील) दक्षिण-पूर्व में स्थित है।

अब तक का सबसे बड़ा हमला, क्या जानकारी है?

रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी, 2022 से शुरू हुए युद्ध का यह सबसे बड़ा हमला हो सकता है, हालांकि आधिकारिक तौर पर ऐसी जानकारी अभी तक साझा नहीं की गई है। एसोसिएट प्रेस के मुताबिक हमले में 41 लोगों की मौत हो गई है,यह एक बड़ी संख्या है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस की ओर से आज दो बैलिस्टिक मिसाइलों के हमले के बाद यूक्रेन के पोल्टावा में कम से कम 41 लोग मारे गए हैं। सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर लिखते हुए राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा, “मुझे पोल्टावा में रूसी हमले की शुरुआती रिपोर्ट मिली है। जानकारी के मुताबिक दो बैलिस्टिक मिसाइलों ने क्षेत्र को निशाना बनाया है। उन्होंने एक शैक्षणिक संस्थान और एक नजदीकी अस्पताल को निशाना बनाया है।”

180 से ज़्यादा लोग घायल

जानकारी सामने आई है कि धमाकों के बाद लोग मलबे में दबे हुए थे। कई लोगों को बचा लिया गया, लेकिन 180 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के एक बयान में कहा गया कि बचाव दल और चिकित्साकर्मियों ने 25 लोगों को बचाया है, जिनमें से 11 को मलबे से निकाला गया है।

रूस-यूक्रेन युद्ध में पिछले दिनों से तेजी आई है। पिछले दिनों यूक्रेनी राष्ट्रपति ने रात भर और सुबह-सुबह की गई बमबारी की निंदा करते हुए कहा था क 100 से ज़्यादा मिसाइलें दागी गई थी। इन हमलों से यूक्रेन को काफी नुकसान हुआ था। यूक्रेन के एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर काफी प्रभाव पड़ा था।