कर्नाटक से जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के एक प्रत्याशी बीएफ फारूख ने कुल 605.35 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है। उम्मीद जताई जा रही है कि वह राज्यसभा में विजय माल्या की जगह ले सकते हैं। हजारों करोड़ रुपए के कर्ज में दबे माल्या इस वक्त लंदन में हैं। राज्यसभा के लिए चुनाव 11 जून को होना है। इसी सीट के लिए खड़े एक अन्य कांग्रेसी कैंडिडेट ने भी हलफनामे में कुल 17.64 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है।
50 वर्षीय बीएम फारूख या फारूख बावा एक कारोबारी हैं। उनकी दखल रीयल एस्टेट से लेकर रिनुअल एनर्जी तक के फील्ड में है। उन्हें जनता दल सेक्युलर ने मैदान में उतारा है। फारूख और उनकी पत्नी की संपत्ति करीब 687.15 करोड़ रुपए की है। जेडीएस के पास कुल 40 विधायक हैं। फारूख को जीतने के लिए 5 और वोटों की जरूरत है। 2010 में विजय माल्या जेडीएस और कुछ बीजेपी विधायकों को अपने पाले में करने में सफल रहे थे।
Read more: क्यों गुजरात से आकर यूपी में राज्यसभा चुनाव लड़ रही हैं मोदी समर्थक प्रीति महापात्रा, जानिए
फारूख कर्नाटक के कांग्रेस एमएलए मोहिद्दीन बावा के भाई हैं। फारूख की ओर से दाखिल हलफनामे के मुताबिक, वह मेंगलोर स्थित मशहूर फिजा फोरम मॉल के मालिक हैं। पेशे से इंजीनियर फारूख ने खुलासा किया है कि उनके सरकार की ओर से दिए गए कई रिनुअल एनर्जी प्रोजेक्ट्स में हिस्सेदारी है। ये प्रोजेक्ट्स कर्नाटक में हैं। बावा पर 84 करोड़ रुपए से कुछ ज्यादा की लेनदारी है। यह भी उनके रिनुअल एनर्जी प्रोजेक्ट्स की वजह है।
फारूख के खिलाफ मैदान में उतरे कांग्रेसी प्रत्याशी का नाम केसी रामामूर्ति है। 63 वर्षीय रामामूर्ति एक रिटायर्ड आईपीएस अफसर हैं। उनकी निजी संपत्ति तो 17.64 करोड़ रुपए है, लेकिन पत्नी की 59.62 करोड़ रुपए की संपत्ति को मिला दें तो कुल संपत्ति 77.27 करोड़ रुपए हो जाती है।