ऋषि सुनक, ब्रिटेन के नए वित्त मंत्री हैं। वे इंफोसिस के फाउंडर नारायण मूर्ति के दामाद हैं। पिछले हफ्ते ही ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भारतीय मूल के राजनेता ऋषि सुनक को नया वित्त मंत्री बनाया है। वे ब्रिटिश मंत्रिमंडल में भारतीय मूल के दूसरे बड़े मंत्री हैं। भारतीय मूल की ही प्रीति पटेल इस समय ब्रिटेन की गृह मंत्री हैं। ऋषि सुनक से पहले पाकिस्तानी मूल के साजिद जाविद के पास वित्त मंत्रालय का कार्यभार था। हाल ही में उन्होंने इस पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। इसके बाद ही ऋषि को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले उन्होंने जुलाई 2019 से फरवरी 2020 तक ट्रेजरी मुख्य सचिव के रूप में कार्य किया।

2015 के आम चुनाव से रिचमंड (यॉर्क) के लिए सांसद रहे। दिसंबर में हुए आम चुनाव में बोरिस जॉनसन के नेतृत्व में कंजर्वेटिव पार्टी भारी कामयाबी के साथ दोबारा सत्ता में आई है। बोरिस जॉनसन ने प्रधानमंत्री बनने के बाद अपने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल किया है। ऋषि सुनक का वित्त मंत्री बनाया जाना इसी फेरबदल के तहत किया गया है। कारण कि ऋषि सुनक को कंजर्वेटिव पार्टी के उभरते सितारे के रूप में देखा जाता है। पिछले कुछ वर्षों में उनका कद बढ़ा है। मीडिया इंटरव्यू के लिए सरकार अक्सर उन्हें ही आगे रखती है। इसके अलावा प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के चुनाव प्रचार में भी उन्होंने अहम भूमिका अदा की है।

यही नहीं कई मौकों पर हुई टीवी बहस में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की जगह पर ऋषि सुनक ने हिस्सा लिया। ऋषि सुनक का जन्म 12 मई 1980 को साउथैम्पटन, हैम्पशायर, इंग्लैंड में भारतीय मूल के पंजाबी परिवार में हुआ था। ऋषि के पिता डॉक्टर थे और मां फार्मासिस्ट थीं। वे तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा विनचेस्टर कॉलेज में हुई थी। ऋषि ने अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से एमबीए किया है। उन्होंने आॅक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से राजनीति, दर्शन और अर्थशास्त्र की भी पढ़ाई की।

ब्रिटिश राजनीति में आने से पहले ऋषि सुनक ने इंवेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैश में 2001 से 2004 तक काम किया। इसके बाद उन्होंने हेज फंड मैनेजमेंट फर्म द चिल्ड्रन इंवेस्टमेंट फंड मैनेजमेंट में एक भागीदार के रूप में काम किया। 2009 में इसे छोड़कर अपने पूर्व सहयोगी के साथ मिलकर नए हेज फंड फर्म थेलेम पार्टनर्स से जुड़ गए। इस फर्म को उन्होंने अक्तूबर 2010 में 700 मिलियन डॉलर की मदद से स्थापित किया था। इसी बीच 2009 में ऋषि ने नारायण मूर्ति की बेटी अक्षता मूर्ति से शादी की। ऋषि अपने ससुर एनआर नारायण मूर्ति के स्वामित्व वाली निवेश फर्म कैटामारन वेंचर्स के निदेशक भी थे।

सुनक को अक्टूबर 2014 में रिचमंड (यॉर्क) के लिए कंजर्वेटिव उम्मीदवार के रूप में चुना गया था। सुनक को 2015 के आम चुनाव में 19,550 (36.2%) बहुमत के साथ निर्वाचन क्षेत्र के लिए सांसद के रूप में चुना गया था। 2015-2017 के दौरान, ऋषि पर्यावरण, खाद्य और ग्रामीण मामलों की चयन समिति के सदस्य थे। उन्होंने 2016 के जनमत संग्रह में ब्रिटेन के यूरोपियन यूनियन से बाहर आने का समर्थन किया था और 2017 के आम चुनाव में सुनक को फिर से सांसद चुना गया था।