देश की राजधानी नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुमान के मुताबिक, 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर करीब 77,000 लोगों के आने की संभावना है। गणतंत्र दिवस परेड के दिन इलाके की सुरक्षा के लिए भी कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से कर्तव्य पथ और उसके आसपास के इलाकों में करीब 14000 सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा।

दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) दीपेंद्र पाठक ने बताया कि गणतंत्र दिवस के लिए दिल्ली के चारों ओर चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस ने यह सुनिश्चित किया है कि अयोध्या के राम मंदिर में सोमवार को हुए प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद दिल्ली के “संवेदनशील” इलाकों में शांति बनी रहे। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के बीच आपसी सहयोग की मदद से सीमावर्ती इलाकों में शांति कायम रखी जा रही है।

नई दिल्ली जिले को 28 जोन में बांटा गया

परेड नई दिल्ली जिले से शुरू होगी। दिल्ली पुलिस ने गुमशुदा व्यक्ति बूथ, हेल्पडेस्क, प्राथमिक चिकित्सा कियोस्क और सुविधा बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां आगंतुक परेड स्थल पर जाने से पहले अपने वाहनों की चाबियां जमा कर सकते हैं। विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था, जोन दो) मधुप तिवारी ने कहा कि परेड में कम से कम 77,000 लोगों के आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हमने नई दिल्ली जिले को 28 जोन में बांटा है। इन जोन का नेतृत्व वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।

सुबह चार बजे से शुरू हो जाएगी दिल्ली मेट्रो

रिपब्लिक डे पर परेड में शिरकत करने जा रहे लोगों, सरकारी कर्मचारियों और परेड देखने जा रहे लोगों की सहूलियत को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने सेवाएं सुबह चार बजे से शुरू करने का फैसला किया है। DMRC अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली मेट्रो सुबह छह बजे तक प्रत्येक 30 मिनट पर रेल सेवाओं का संचालन करेगी। इसके बाद पूरे दिन सामान्य सेवा रहेगी। 

DMRC ने कहा कि जिन लोगों के पास रिपब्लिक डे कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए वास्तविक ई-निमंत्रण कार्ड या ई-टिकट होंगे, उन्हें स्टेशनों पर सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र दिखाने पर कूपन जारी किए जाएंगे जो कर्तव्य पथ पर पहुंचने के लिए केवल केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन स्टेशन से बाहर निकलने के लिए मान्य होंगे। यही कूपन इन दोनों स्टेशन के रास्ते वापसी की यात्रा के लिए भी मान्य होंगे। (इनपुट- PTI)