India Republic Day 2026, 77th Gantantra Diwas LIVE Updates: कर्तव्य पथ पर भव्य परेड जारी है और लगभग 90 मिनट तक चलेगी। परेड शुरू होते ही ऑपरेशन सिंदूर की झांकी, अपाचे और ध्रुव हेलीकॉप्टर और भीष्म और अर्जुन युद्धक टैंक समारोह के मुख्य आकर्षण बन गए। प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और यूरोप से आए मुख्य अतिथि कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित हैं। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल दल का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर करण सिंह ने किया। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल दल, का नेतृत्व असिस्टेंट कमांडेंट सिमरन बाला और असिस्टेंट कमांडेंट सुरभि रवि ने किया। इसके बाद बैंड मास्टर-एएसआई देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस दल और असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस अनंत धनराज सिंह के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस दल ने मार्च किया। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स का ऊंट दल डिप्टी कमांडेंट महेंद्र पाल सिंह राठौर की कमान में मार्च पास्ट करता निकला।

तीनों सेनाओं की वेटरन्स झांकी, जिसका थीम ‘संग्राम से राष्ट्रनिर्माण तक’ है, युद्ध से लेकर राष्ट्र-निर्माण तक दिग्गजों की यात्रा को दिखाया गया। सामने का हिस्सा संग्राम का प्रतीक था। उसमें एक 3D गोलाकार दीवार थी। इसमें वॉर मशीनों को दिखायाा गया, जिन्होंने संघर्ष में भारत के निर्णायक क्षणों को आकार दिया। दीवार के ऊपर प्रतीकात्मक अमर जवान ज्योति थी। जो उन शहीद नायकों को श्रद्धांजलि थी। ट्रेलर वाला हिस्सा, जो राष्ट्रनिर्माण का प्रतिनिधित्व करता है, राष्ट्र-निर्माण की दिशा में दिग्गजों की निरंतर सेवा को उजागर करता दिखा।

Live Updates

जनसत्ता के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए कर्तव्य पथ पर आयोजित समारोह से जुड़ी पल-पल के अपडेट्स…

07:20 (IST) 26 Jan 2026

Republic Day 2026 LIVE: परेड में शामिल होंगी 30 झाकियां

26 जनवरी को होने वाली 77वीं गणतंत्र दिवस परेड में कुल 30 झांकियां शामिल होंगी, जिनमें से 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की और 13 मंत्रालयों, विभागों और सेवाओं की होंगी। इन झांकियों का उद्देश्य भारत की संस्कृति, विरासत और विकास संबंधी उपलब्धियों को प्रदर्शित करना है।

07:19 (IST) 26 Jan 2026

Republic Day 2026 LIVE: पीएम मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “मेरे सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भारत के सम्मान, गौरव और महिमा का प्रतीक यह राष्ट्रीय पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे। विकसित भारत के प्रति आपका संकल्प और भी मजबूत हो – यही मेरी हार्दिक कामना है।”