धूमधाम से शादी संपन्न होने के बाद रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी के घर को लेकर भी काफी चर्चा है। देश के सबसे रईस शख्स की बेटी ईशा अरबों रुपये के बने महल में अपने पति आनंद परिमल के साथ रहने जा रही हैं। वैसे तो उनका मायका एंटीलिया देश का सबसे महंगा घर है। लेकिन, उनका नया मकान भी कम भव्य नहीं है। थ्री डी तकनीक से बने 11 मीटर ऊंचे और 50,000 वर्गफुट में फैले इस महल में दुनिया के तमाम ऐशो-आराम के साधन हैं।

दक्षिणी मुंबई के वर्ली स्थित इस मैंशन से अरब सागर और सी-लिंक ब्रिज का पूरा सपाट व्यू मिलता है। इस घर को ईशा के ससुराल वालों ने उन्हें गिफ्ट में दिया है। इसका नाम गुलीटा (Gulita) रखा गया है।

मुकेश अंबानी की बेटी ईशा और आनंद परिमल की शादी 12 दिसंबर को संपन्न हुई थी। शादी की भव्यता का पूरी दुनिया में चर्चा रहा है। इस वैवाहिक कार्यक्रम में दुनिया की हर क्षेत्र की बड़ी शख्सियतों ने शिरकत किया था। सप्ताह भर से ज्यादा दिनों तक चलने वाले इस जश्न में कई देशों के पूर्व राजनयिक, मंत्री और नीति निर्धारक भी शामिल हुए। जिसे देखते हुए इसे मिनी दावोस समिट की संज्ञा दे दी गई। ईशा और परिमल की शादी में अमेरिका की सेक्रेटरीज ऑफ स्टेट हिलरी क्लिंटन, जॉन कैरी, सउदी के तेल मंत्री खालिद अल-फतह और सीपीपीआईबी के सीईओ मार्क मशीन समेत तमाम उद्योगपति और बॉलिवुड की सेसिब्रिटीज शामिल थीं।

आनंद परिमल के मां-बाप की तरफ से मिले इस मैंशन को बनाने में काफी खर्च और टाइम लगा है। इसमें स्टील का काम बड़े पैमाने पर हुआ है। बेहतरीन फिनिशिंग के साथ इसे 3-डी लुक दिया गया है। इस प्रॉजेक्ट को पूरा करने के लिए विशेष तौर पर लंदन से इंजीनियर बुलाए गए थे। मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक इस घर में तीन बेसमेंट, ढेर सारे डाइनिंग रूम के अलावा स्विमिंग पुल समेत कई लग्जरी से लैस संसाधन हैं।