बॉलीवुड एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना का जब से एक डीपफेक वीडियो सामने आया था, पूरा देश उस नई तकनीक को देख दंग रह गया। जिस चालाकी से चेहरे बदले गए, जिस अंदाज में गलत प्रोपेंगेडा को बढ़ावा दिया गया, उसने सभी को चिंता में डाल दिया। अब पुलिस ने आंध प्रदेश से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उस आरोपी ने भी पुलिस कबूलनामे में कई बड़े खुलासे कर दिए हैं।
असल में दिल्ली पुलिस ने ई नवीन नाम के शख्स को आंध्र प्रदेश के गुंटूर से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने सबसे पहले कई सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगाला, कई राज्यों में अपनी टीम को भेजा। उसके बाद जब आंध्र प्रदेश की लीड मिली, तब जाकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को अपनी जांच में पता चला कि आरोपी ने फर्जी फैन पेज बना रखे थे। उसने रश्मिका का तो एक पेज बनाया ही था, इसके साथ-साथ दूसरे साउथ स्टार का भी फर्जी पेज बनाया था।
उन पेज पर पहले अगर 90 हजार के करीब फॉलोअर्स थे, तो बाद में वो आंकड़ा बढ़कर 1 लाख से भी ज्यादा हो गया। यानी कि एक डीपफेक वीडियो ने ही आरोपी को इतनी चर्चा में ला दिया। लेकिन बाद में डर की वजह से आरोपी ने उस वीडियो को डिलीट कर दिया। लेकिन अब जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है, कई बड़े खुलासे हुए हैं।
आरोपी ने पुलिस के सामने कुबूल किया है कि उसे किसी भी कीमत पर जल्दी पैसे कमाने थे। इसी वजह से उसने सबसे पहले यूट्यूब के जरिए ही एक एडिटिंग कोर्स किया, वहां से डीपफेक की तकनीक सीखी और उसके बाद रश्मिका का ये फर्जी वीडियो बना डाला। हैरानी की बात ये है कि आरोपी काफी पढ़ा-लिखा है, उसने इंजीनियरिंग तक कर रखी है, लेकिन उसने अपनी नॉलेज का गलत जगह इस्तेमाल किया।
डीपफेक मामले पर रश्मिका मंदाना ने भी रिएक्शन दिया था। उन्होंने इसे लेकर दुख जाहिर किया था। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की थी, ‘मुझे इसके बारे में बात करते हुए दुख हो रहा है। ईमानदारी से कहूं तो एआई सिर्फ मेरे लिए ही नहीं, बल्कि हममें से हर एक के लिए बेहद डरावना है, जो इस टेक्नोलॉजी के मिस यूज की वजह से खतरे में आ गए हैं। वैसे जानकारी के लिए बता दें कि डीपफेक वीडियो में रश्मिका मंदाना जैसे दिखने वाली लड़की जारा पटेल थी। ये एक ब्रिटिश इंडियन इंफ्लुएंसर है।
