ड्रग्स केस में कॉमेडियन भारती सिंह की गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर बॉलीवुड में अवैध पदार्थों के लेन-देन का मामला उठने लगा है। जहां कई बड़े एक्टर्स और कॉमेडियन ने भारती के घर से गांजा मिलने पर आश्चर्य व्यक्त किया, वहीं कुछ लोगों ने तो इसके लिए फिल्म इंडस्ट्री की संस्कृति को ही जिम्मेदार ठहरा दिया। कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव ने रिपब्लिक भारत चैनल से कहा कि उन्हें नहीं समझ आ रहा कि कलाकार ये क्या कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि बॉलीवुड की थाली बहुत गंदी हो चुकी है और इसे साफ करने की जरूरत है।
राजू श्रीवास्तव ने सवालिया अंदाज में कहा कि क्या क्रिएटिव फील्ड में गांजा लेना जरूरी है क्या? राजू ने कहा कि ये गंदगी करने की क्या जरूरत है? भारती किसके बहकावे में आ गई। मुझे तो यह खबर सुनकर शॉक लग रहा है और गुस्सा आ रहा है। हमने उसकी बर्थडे पार्टी सेलिब्रेट की, उसकी शादी में तीन दिन तक रहे। वो इतनी पॉपुलर हो गई है, 130 करोड़ लोग चाहते हैं। ये नशा कम क्या है। ये सबसे बड़ा नशा है। ये भला किसको नसीब होता है। तो ये सब क्या करने की जरूरत होती है?
राजू यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि मैं पहले यही कहने वाला था कि इन्होंने लिया नहीं होगा, ड्रग पेडलर्स ने जांच भटकाने के लिए इनका नाम लिया होगा। लेकिन अब पता चला है कि इन्होंने खुद ही कबूल लिया है कि इन्होंने गांजा लिया था। मैं काफी आश्चर्यचकित हूं। गांजा लेना ही सबकुछ नहीं है। अपनी पॉजिटिव सोच रखें। खुद को सकारात्मक रखें। फिर देखें जनता कैसे प्यार करती है। पता नहीं शोबाजी में कर लिया या दिखावे में कर लिया। या बॉलीवुड ऐसा करता है इसलिए कर लिया या हाई-सोसाइटी में ऐसा किया जाता है इसलिए लिया।