केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने एलओसी पर सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद चार मुख्यमंत्रियों से बात की है। माना जा रहा है कि सेना की कार्रवाई के बाद सभी दलों को विश्वास में लेने के लिए गृह मंत्री ने मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ विपक्ष के अन्य नेताओं से बातचीत की है। उन्होंने गुरुवार को ओडिशा, पंजाब, बिहार और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्रियों से बात की और उन्हें सेना द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी दी। आज सुबह ही राजनाथ सिंह ने जेडीयू के वरिष्ठ नेता शरद यादव से भी मुलाकात की थी। पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों पर सेना द्वारा की गई कार्रवाई के कुछ घंटे बाद ही राजनाथ सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बातचीत की। राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा, कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, सीपीआईएम नेता सीताराम येचुरी को भी आतंकी कैम्पों पर हमले की जानकारी दी।

भारतीय सेना ने बीती रात पाकिस्तान में घुसकर लश्कर-ए-तैयबा के सात आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया है। भारत के डीजीएमओ ले. जनरल रणबीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गुरुवार को जानकारी दी है कि भारत ने एलओसी पार कर आतंकी ठिकानों पर हमले किए हैं और कई आतंकियों को मार गिराया है। डीजीएमओ के मुताबिक ये सभी आतंकी भारत में घुसपैठ करने के लिए एलओसी पर इकट्ठा हुए थे। वे कश्मीर में घुसकर भारत के कई अन्य शहरों में हमला करना चाहते थे।

Read Also-सभी भारतीय जान लें, क्या होता है सर्जिकल स्ट्राइक, सेना ने कैसे दिया अंजाम?

वहीं पाकिस्तान सेना ने एक बयान जारी कर कहा है कि कल रात एलओसी पर हुई फायरिंग में दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। डीजीएमओ रणबीर सिंह के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप भी मौजूद थे। डीजीएमओ सिंह ने बताया, ‘भारत लगातार उच्च कूटनीतिक और राजनीतिक स्तर पर मामले को उठाता रहा है। पाकिस्तानी डीजीएमओ से बात की और अपनी चिंता साझा की। भारत इलाके में शांति चाहता है लेकिन हम आतंकियों को नियंत्रण रेखा के इस पार आकर हमला करने और आम नागरिकों की जानोमाल को नुकसान पहुंचाने की इजाजत नहीं दे सकते।’

सर्जिकल स्ट्राइक के बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बाघा बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट रद्द कर दी है। उधर पंजाब में पाकिस्तान की सीमा से सटे गांवों को खाली कराया जा रहा है। वहां स्कूलों में छुट्टियां कर दी गई हैं। गृह मंत्रालय ने शाम 4 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

Read Also-पाकिस्तान ने कहा- नहीं हुई कोई सर्जिकल स्ट्राइक, भारतीय डीजीएमओ के दावे को बताया गलत