राजस्थान के शहरी निकायों के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने बगावत करने वालों पर गाज गिराने की तैयारी कर ली है। दोनों दलों ने अपने उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने वालों को बाहर का रास्ता दिखाने का फैसला किया है। टिकट नहीं मिलने से दोनों दलों में बड़े पैमाने पर बगावत हुई है। कांग्रेस ने सभी निकायों में प्रभारी तैनात कर प्रचार अभियान शुरू कर दिया है।
राज्य के 129 शहरी निकायों के 17 अगस्त को होने वाले चुनावों में नाम वापस लेने की अंतिम तारीख के बाद दोनों प्रतिद्वंद्वी भाजपा और कांग्रेस अब बागियों को लेकर आकलन करने में लग गए हैं। दोनों दलों में रविवार को बगावत करने वालों की सूचियां आ गर्इं। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों ने पार्टी से जुडे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला किया है। प्रदेश भाजपा ने तो बागियों को छह साल के लिए पार्टी से निकालने का एलान किया है।
बागियों के खिलाफ जिला कमेटी कार्रवाई करेगी। इसके लिए प्रदेश नेतृत्व से निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी का कहना है कि अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ मैदान में डटे रहने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बगावत करने वालों की दो दिन तक समझाइश की गई थी। इसके बावजूद परचा वापस नहीं लेने वालों को अब छह साल के लिए पार्टी से निकाला जाएगा। परनामी का कहना है कि पार्टी को कई जगह बागियों को समझाने में भी सफलता हासिल हुई है। पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता अब प्रचार में जुट गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस ने भी अब जिलों से पूरी रिपोर्ट मंगवा ली है। कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों ने रविवार को यहां सभी जिलों से मिली रिपोर्ट पर सख्त कार्रवाई की मंशा जताई है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डाक्टर अर्चना शर्मा का कहना है कि पार्टी में बगावत कम हुई है। कांग्रेस ने सभी स्थानीय नेताओं की राय से टिकटों का बंटवारा किया था। इसके बावजूद किसी जगह पर टिकट नहीं मिलने पर कोई कार्यकर्ता नाराज होकर अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ मैदान में डटा रहेगा तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट चुनाव से जुड़ी तमाम गतिविधियों पर निगाह रख रहे हैं। प्रदेश नेतृत्व ने सभी निकायों में चुनाव प्रभारी तैनात कर दिए हैं। चुनाव प्रभारी ही बागियों की सूची प्रदेश नेतृत्व को सौंपेंगे। कांग्रेस किसी भी तरह से अनुशासनहीनता को बढ़ावा नहीं देगी और बागियों को दल से निकाला जाएगा।
प्रदेश में निकाय चुनावों की गरमाहट के कारण अब भाजपा और कांग्रेस का प्रचार अभियान भी शुरू हो गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी और उच्च शिक्षा मंत्री कालीचरण सर्राफ ने रविवार को जयपुर जिले के चाकसू कस्बे में आम सभा की। दोनों नेताओं ने दावा किया कि पूरे प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल है। प्रदेश अध्यक्ष परनामी ने कहा कि निकाय चुनाव में अच्छे नतीजे देने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन और सरकार में तवज्जो दी जाएगी।
पार्टी ने सभी जिलों में प्रभारी मंत्रियों, जिला अध्यक्षों और निकाय प्रभारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंप रखी है। इनके जरिए ही चुनाव में बेहतर नतीजे देने वाले कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने रविवार को चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा जिलों में कार्यकर्ताओं की बैठक कर उन्हें एकजुटता के साथ निकाय चुनाव में मेहनत करने का निर्देश दिया।