राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रदेशवासियों से प्रदेश को विकास की नई बुलन्दियों तक ले जाने के सरकार के प्रयासों में भागीदार बनने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बूंद-बूंद से सागर भरता है, प्रदेश के लिए आपका छोटा सा प्रयास प्रगति की राह में एक बड़ा कदम साबित होगा। जब तक सबका साथ नहीं होगा तब तक सबका विकास भी नहीं होगा।

राजे ने महाराव उम्मेदसिंह स्टेडियम में राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर भव्य संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय सेवाएं प्रदान करने वाली प्रतिभाओं को पदक एवं योग्यता प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रदेश रिग्वेद के ‘चरैवेति-चरैवेति’ मंत्र को आत्मसात करते हुए निरन्तर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जिस आशा और विश्वास के साथ जनता ने प्रदेश का भविष्य सौंपा है।

राजधर्म को सर्वोपरि मानते हुए हम आपके विश्वास पर खरा उतरेंगे। प्रत्येक व्यक्ति अपनी पूरी ऊर्जा के साथ विकास में भागीदार बनेगा तभी सही मायने में राजस्थान का पुनर्निर्माण होगा।

राजे ने कहा कि सरकार पंडित दीनदयाल जी के आदर्शों पर चलने वाली सरकार है। उन्होंने अन्त्योदय के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया, जिसके माध्यम से हमें गरीबों की सेवा करने की प्रेरणा मिली। हमारा लक्ष्य विकास की रौशनी उस व्यक्ति के घर तक भी पहुंचाना है, जो कतार में सबसे पीछे खड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार हमने आजादी के लिए मिलकर संघर्ष किया था, उसी प्रकार भ्रष्टाचार, आतंकवाद, जातिवाद और साम्प्रदायिकता के खिलाफ सबको मिलकर संघर्ष करना होगा। एक-दूसरे के साथ प्रेम और भाईचारे की डोर में बंधकर आगे बढ़ना होगा।