करवाचौथ (14 अक्तूबर) को दिल्ली से राजस्थान के लिए नवविवाहित जोड़ों को भ्रमण पर ले जाने वाली विशेष ट्रेन (द मैजेस्टिक राजस्थान डीलक्स) के केवल चार ही टिकट बुक हुए हैं। केवल दो ही दंपतियों ने यह टूर पैकेज खरीदा है। टूर पैकेज के लिए अधिक यात्री नहीं मिलने की वजह से यह ट्रेन 14 अक्तूबर को रवाना नहीं होगी। आइआरसीटीसी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इस विशेष ट्रेन द मैजेस्टिक राजस्थान डीलक्स में विवाहित जोड़ों के लिए पांच दिन का यात्रा पैकेज ‘ड्रीम हॉलीडे’ रखा गया था। इसके तहत उन्हें राजस्थान के प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों का भ्रमण कराया जाता। इस ट्रेन को विशेषतौर पर करवाचौथ पर ले जाया जा रहा था। इसलिए इसे करवाचौथ स्पेशल का नाम दिया गया था। इस पर्यटन पैकेज के लिए 78 सीट आरक्षित की गई थी, लेकिन सिर्फ दो दंपतियों ने ही टिकट खरीदा। ट्रेन में विशेषतौर पर विवाहित जोड़ों को ही जाने की इजाजत थी। इसके लिए आइआरसीटीसी की तरफ से विशेष इंतजाम किए गए थे। इसमें विशेषतौर पर स्नान कक्ष और पैरों मसाज की सुविधा शामिल थी। इसके अतिरिक्त बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था की थी।
आइआरसीटीसी के मुताबिक इस समय में बड़ी संख्या में देसी-विदेशी पर्यटक राजस्थान की कला व संस्कृति जानने के लिए राजस्थान पहुंचते हैं। इस दौरान राजस्थान में कई प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन भी होते हैं। इन आयोजन को ध्यान में रखकर यह टूर पैकेज तैयार किया गया था। यह यात्रा 14 अक्टूबर को सफदरजंग स्टेशन से होनी थी। इसके तहत यात्रियों के राजस्थान में जैसलमेर किला, पटवन की हवेली, गड़ीसर झील, मेहरानगढ़ किला, जसवंत थड़ा, अम्बेर किला और सिटी पैलेस जैसे ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराने की योजना था। यह भ्रमण 5 दिन और 4 रातों का था।
माना जा रहा है कि इस ट्रेन का अधिक किराया कम यात्री आने की बड़ी वजह हो सकता है। इसका आकलन किया जाएगा। इस यात्रा के लिए प्रति दंपति इसका किराया वातानुकूलित श्रेणी प्रथम में 1,02,960 रुपए और एसी टू टीयर में 90,090 रुपए था। रेलवे के मुताबिक दोनों दंपतियों के जल्द ही वसूला गया किराया वापस लौटाया जाएगा।

