कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी सोमवार को अचानक अमृतसर के गोल्डन टेंपल पहुंच गए। राहुल गांधी की यह निजी यात्रा थी और उन्होंने श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका। राहुल गांधी ने सिर पर पगड़ी की जगह नीले रंग का पटका बंधा हुआ था। राहुल गांधी की यह निजी और आध्यात्मिक यात्रा थी, इसलिए वहां पर ज्यादा कार्यकर्ता भी नहीं आए।
राहुल गांधी की थी निजी यात्रा
कांग्रेस के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा ने पहले ही ट्वीट करके बता दिया था कि राहुल गांधी गोल्डन टेंपल में माथा टेकने के लिए अमृतसर आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि वह शारीरिक रूप से मंदिर के पास इकट्ठे ना हो। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी की यह निजी और आध्यात्मिक यात्रा है और उनकी निजता का सम्मान करें। आप अगले दौरे पर उनसे मिल सकते हैं।
इस दौरान राहुल गांधी ने लंगर और स्वैच्छिक सेवा भी की। बता दें कि आज गांधी जयंती है और आज के दिन मंदिर में सुबह से ही सैकड़ो श्रद्धालु प्रार्थना के लिए कतार में खड़े हैं। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी स्वर्ण मंदिर का दौरा किया था और माथा ठेका था। इस दौरान भी उन्होंने लंगर सेवा की थी।
राहुल गांधी ने माथा टेकने के बाद लंगर खाया और फिर सेवा भी की। राहुल गांधी ने जूठे बर्तन धोकर सेवा की। राहुल गांधी को अमृतसर हवाई अड्डे पहुंचने पर राणा के पी सिंह, सांसद गुरजीत सिंह और अन्य पदाधिकारी ने स्वागत किया। वहीं स्वर्ण मंदिर पहुंचने पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता वहां पहले से ही मौजूद थे। हालांकि कार्यकर्ताओं को यहां पर आने के लिए मना किया गया था। राहुल गांधी के अमृतसर पहुंचने की खबर के तुरंत बाद सुरक्षा बंदोबस्त कड़े कर दिए गए थे।
हाल ही में पंजाब में कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक सुखपाल सिंह खैरा की गिरफ्तारी हुई है। पंजाब पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी ड्रग्स मामले में की है। माना जा रहा था कि राहुल गांधी अपने विधायक से मिलने भी पहुंच सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। राहुल गांधी निजी दौरे पर थे और वह केवल स्वर्ण मंदिर गए।