कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इस समय असम से निकल रही है। यात्रा के दौरान जब राहुल गांधी अपनी बस से ट्रैवल कर रहे थे, कई लोगों ने अचानक से मोदी-मोदी के नारे लगा दिए। उन नारों को सुन कांग्रेस नेता नाराज नहीं हुए, बल्कि उनकी तरफ से तो उन समर्थकों को फ्लाइंग किस दे दिया गया। राहुल का वो रिएक्शन चर्चा का विषय बन गया है।

ये कोई पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने ऐसा अंदाज दिखाया हो। वे इससे पहले भी कह चुके हैं कि वे नफरत का जवाब मोहब्बत से देना चाहते हैं। उनका तो नारा भी रहा है- मोहब्बत की दुकान खोलने आया हूं। अब उसी वजह से भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान भी उनकी तरफ से फ्लाइंग किस दे दिया गया है। वैसे इस पूरे विवाद पर राहुल गांधी ने कहा कि 20 से 25 बीजेपी के कार्यकर्ता थे जो डंडा लेकर आए थे। जैसे ही वे बस से नीचे उतरे, वो सभी भाग गए।

राहुल गांधी ने दो टूक कहा कि कितने भी पोस्टर फाड़ दिए जाएं, कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। जानकारी के लिए बता दें कि असम में न्याय यात्रा पर दो बार हमला हो चुका है। रविवार को तो जयराम रमेश की गाड़ी को निशाना बनाया गया। ऐसे में उन्हीं घटनाओं का जिक्र करते हुए राहुल ने ये बयान दिया।

वैसे जब से कांग्रेस की ये यात्रा असम में एंट्री की है, लगातार बवाल की स्थि बनी हुई है। सीएम हिमंता बिस्वा सरमा भी कह चुके हैं कि वे यात्रा को अंदर से निकलने नहीं देंगे। इसके ऊपर कांग्रेस ने भी सामने से चुनौती दे दी है। इसी वजह से दोनों ही पार्टियों की तरफ से आरोप-प्रत्यारोप चल रहा है। वैसे अब कांग्रेस की ये भारत न्याय यात्रा लोकसभा चुनाव से ठीक पहले मायने रखती है। असल में जिन 110 जिलों से होकर ये यात्रा निकलने वाली है, उसके जरिए कांग्रेस सीधे-सीधे 100 लोकसभा सीटें और विधानसभा की 337 सीटों को साधने जा रही है। देश की सबसे पुरानी पार्टी इस यात्रा के जरिए मणिपुर, नागालैंड, असम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, गुजरात जैसे कई राज्यों को कवर करने जा रही है।