EXIT POLL News: कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव 2024 एग्जिट पोल पर पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में एग्जिट पोल्स पर कहा कि इसका नाम एग्जिट पोल नहीं है। इसका नाम मोदी मीडिया पोल है।
राहुल गांधी ने कहा कि यह मोदी जी का पोल है, फैंटसी पोल है उनका।
कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष से जब लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन को मिलने वाली सीटों की संख्या के अनुमान पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “सिद्धू मूसेवाला का सॉन्ग सुना है आपने 295… 295”
ये एग्जिट पोल पूरी तरह नकली और झूठे – जयराम रमेश
कांग्रेस पार्टी के नेता जयराम रमेश ने कहा कि उन्होंने यह सरकारी एग्जिट पोल करवाए हैं, ये बिलकुल जाली हैं, बिलकुल नकली हैं, बिलकुल झूठे हैं। इंडिया गठबंधन की पार्टियों को 295 सीटों से काम नहीं मिलने वाली हैं। 295 सीटों के ऊपर की इंडिया गठबंधन की पार्टियों को मिलेंगी। यह एग्जिट पोल फर्जी इसलिए है क्योंकि हमारे निर्वतमान प्रधानमंत्री और निर्वतमान गृह मंत्री खेल खेल रहे हैं।
कांग्रेस नेता का दावा- पंजाब में जीतेंगे नौ सीटें
एग्जिट पोल पर रिएक्ट करते हुए पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि सभी सर्वे में कांग्रेस पार्टी को सात से नौ सीटें दी गई हैं। हम नौ सीटों पर आगे हैं। एक सीट आम आदमी पार्टी को मिलेगी और तीन सीटें उन प्रत्याशियों द्वारा जीती जाएंगी जो किसी भी तरह से एनडीए या पीएम मोदी को सपोर्ट नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि पंजाब में इंडिया गठबंधन कम से कम दस सीटें जीतेगा। एनडीए को एक भी सीट नहीं मिलेगी।”