पंजाब में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से नाराज चल रहे पार्टी के नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की। सिद्धू ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को एक पत्र भी सौंपा। इसके अलावा उन्होंने राज्य के मौजूदा घटनाक्रम के बारे में भी पार्टी अध्यक्ष को जानकारी दी।

सिद्धू ने कांग्रेस अध्यक्ष के साथ मुलाकात की तस्वीर को अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर भी किया। इस तस्वीर में सिद्धू, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल के साथ दिखाई दे रहे हैं। सिद्धू ने फोटो के साथ लिखा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की, उन्हें अपना पत्र सौंपा और स्थिति के बारे में जानकारी दी।’

इससे पहले सिद्धू और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच तल्खी इतनी बढ़ गई थी कि सीएम ने सिद्धू समेत कुछ मंत्रियों के विभाग बदल दिए थे। सिद्धू से शहरी विकास मंत्रालय छीन कर उन्हें ऊर्जा मंत्रालय का जिम्मा दिया गया था। हालांकि, सिद्धू ने नए मंत्रालय का प्रभार संभालने की बजाय पार्टी हाईकमान से मिलने दिल्ली पहुंच गए थे।

उस समय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल में वायनाड दौरे पर थे। बताया जा रहा था कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की अनुपस्थिति में सिद्धू प्रियंका गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। इससे पहले सिद्धू 6 जून को बुलाई गई कैबिनेट कमेटी की बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे।

वहीं सीएम अमरिंदर सिंह ने सिद्धू के शहरी विकास मंत्रालय के साथ ही ऊर्जा  विभाग, पशुपालन विभाग और स्वास्थ्य विभाग के मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया था। लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार पर कैप्टन ने कहा था कि सिद्धू के कारण पार्टी को  शहरी क्षेत्र में नुकसान उठाना पड़ा। वहीं सिद्ध का कहना था कि हार के लिए किसी एक व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। सिद्धू लगातार यह बात कह रहे हैं कि  पार्टी में 6-7 लोगों के समूह की तरफ से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।